मैड्रिड: अमेरिकी खिलाड़ी हेली बैपटिस्ट ने मैड्रिड ओपन टेनिस प्रतियोगिता में बड़ा उलटफेर करते हुए सेमीफाइनल में स्थान बना लिया है।
बैपटिस्ट ने विश्व नंबर एक आर्यना सबालेंका को पराजित कर महिला एकल के अंतिम चार में प्रवेश किया। उन्होंने पहला सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए २-६, ६-२, ७-६ (६) से जीत दर्ज की।
लगभग ढाई घंटे तक चले इस मुकाबले को उनके करियर की सबसे बड़ी जीत माना जा रहा है। मैच के दौरान बैपटिस्ट ने अद्भुत मानसिक दृढ़ता का परिचय दिया। उन्होंने ६ मैच प्वाइंट बचाते हुए मुकाबले को टाईब्रेक तक पहुंचाया और अंत में लगातार तीन प्वाइंट जीतकर मैच अपने नाम किया।
इस जीत के साथ ही उन्होंने सबालेंका की १५ मैचों की विजय श्रृंखला भी तोड़ दी। २४ वर्षीय बैपटिस्ट पूरे प्रतियोगिता में शानदार लय में नजर आ रही हैं। इससे पहले उन्होंने जैस्मिन पाओलिनी को भी हराया था।
यह उनके करियर का पहला अवसर है जब वह किसी डब्ल्यूटीए १००० स्तर की प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पहुंची हैं। इससे पहले उन्होंने शीर्ष-५ खिलाड़ियों को पराजित नहीं किया था, लेकिन इस बार उन्होंने दो प्रमुख खिलाड़ियों को हराकर अपनी क्षमता सिद्ध की है।
मुकाबले के बाद बैपटिस्ट ने कहा, “मैं कुछ सप्ताह पहले उनके खिलाफ खेली थी। इसलिए मुझे पता था कि अपने खेल में क्या परिवर्तन करना है। मैंने स्वयं पर विश्वास रखा और सही समय पर बदलाव किए। अब मैं इसी आत्मविश्वास के साथ सेमीफाइनल में उतरना चाहती हूं।”
सेमीफाइनल में उनका सामना मीरा एंड्रीएवा से होगा।










