नदिया: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से पहले प्रचार के आखिरी घंटों में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। सोमवार को राणाघाट में आयोजित एक जनसभा में उन्होंने ‘मतुआ’ समुदाय की नागरिकता के मुद्दे को लेकर भाजपा की मंशा पर सवाल उठाए।
अभिषेक ने भाजपा के पुराने वादों को याद दिलाते हुए कहा कि २०१९ में मतुआ समुदाय को नागरिकता देने का वादा किया गया था, लेकिन आज इतने वर्षों बाद भी किसी को नागरिकता नहीं मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि नागरिकता देना तो दूर, एसआईआर प्रक्रिया के कारण कई वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से गायब हो गए हैं। स्थानीय सांसद शांतनु ठाकुर पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को आम जनता की तकलीफों से कोई लेना-देना नहीं है।
विकास के मुद्दे पर घेरते हुए अभिषेक ने सवाल किया कि राणाघाट में भाजपा के विधायक और सांसद होने के बावजूद वहां क्या विकास हुआ? उन्होंने दावा किया कि केवल ममता बनर्जी की सरकार ही मतुआ समुदाय के अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है। मतदाताओं को आगाह करते हुए उन्होंने कहा, “चुनाव से पहले भाजपा पैसा बांटने की कोशिश करेगी; आप पैसा ले लीजिए, लेकिन भाेट सिर्फ ‘जोड़ा फूल’ (टीएमसी) को ही दें।” उन्होंने यह भी वादा किया कि टीएमसी की जीत पर ‘बांग्ला आवास योजना’ के तहत सभी को पक्का मकान मुहैया कराया जाएगा।








