काठमांडू के नदी किनारों से अतिक्रमण हटाना शुरू, थापाथली की सुकुम्बासी बस्ती हुई खाली

IMG-20260425-WA0059(1)

काठमांडू: नेपाल सरकार ने काठमांडू की नदियों के किनारे बसे सुकुम्बासी बस्तियों और अवैध निर्माणों को हटाने का व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। शनिवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच थापाथली स्थित सुकुम्बासी बस्ती को पूरी तरह खाली कराकर वहां बने टहरों और झोपड़ियों को हटा दिया गया। काठमांडू महानगरीय पुलिस बल के प्रमुख विष्णुप्रसाद जोशी ने पुष्टि की है कि थापाथली में कार्रवाई पूरी होने के बाद अब प्रशासन की टीम गैरीगाँव और मनहरा क्षेत्र में अवैध ढांचों को हटाने में जुट गई है। प्रशासन वहां से निकलने वाले लोगों को उनके सामान के साथ सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने में भी सहयोग कर रहा है।
​प्रधानमंत्री सचिवालय के अनुसार, बेघर हुए लोगों में से कुछ को सुंदरीघाट स्थित राधास्वामी सत्संग और कुछ को दशरथ रंगशाला में अस्थायी रूप से ठहराया गया है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए सरकार ने लगभग चार से पांच हजार सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों को तैनात किया है। काठमांडू के मुख्य जिला अधिकारी ईश्वरराज पौडल ने बताया कि मानवीय संवेदनाओं और मानवाधिकारों का सम्मान करते हुए यह कार्रवाई की जा रही है। बस्तियों से हटाए गए लोगों को नागार्जुन, कीर्तिपुर और बोडे जैसे विभिन्न सरकारी और सार्वजनिक केंद्रों में बने होल्डिंग सेंटर में ले जाया जा रहा है, जहाँ उनके रहने और खाने-पीने का तत्काल प्रबंध किया गया है।
​इस बीच, काठमांडू के मेयर बालेन शाह ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि नदी किनारे असुरक्षित तरीके से रह रहे लोगों को बाढ़ के खतरे से बचाने और सार्वजनिक भूमि को मुक्त कराने के लिए यह कदम उठाना अनिवार्य था। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार वास्तविक भूमिहीनों की पहचान कर उन्हें व्यवस्थित तरीके से जमीन उपलब्ध कराएगी। हालांकि, मानवाधिकार आयोग ने सरकार को अत्यधिक बल प्रयोग न करने और संयम बरतने की चेतावनी दी है। फिलहाल, प्रशासन का मुख्य ध्यान नदी किनारों को अतिक्रमण मुक्त करने और विस्थापितों को सुरक्षित अस्थायी आवास तक पहुँचाने पर केंद्रित है।

About Author

Advertisement