नई दिल्ली: दिल्ली कैपिटल्स के प्रशंसकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क आईपीएल २०२६ के आगामी मैचों के लिए दिल्ली कैपिटल्स की टीम में शामिल होने के लिए तैयार हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने उन्हें फिट घोषित करते हुए प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलने की अनुमति दे दी है, जिसके बाद अब उनके भारत आने का रास्ता साफ हो गया है।
स्टार्क को इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज और बिग बैश लीग के दौरान कोहनी और कंधे में गंभीर चोट लगी थी, जिसके चलते वे आईपीएल के शुरुआती मैचों से बाहर रहे थे। रिपोर्टों के अनुसार, वे शुक्रवार तक टीम के साथ जुड़ सकते हैं और 1 मई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में अपना डेब्यू कर सकते हैं। स्टार्क की वापसी से दिल्ली का गेंदबाजी आक्रमण काफी घातक होने की उम्मीद है, क्योंकि हाल ही में एशेज में उन्होंने अपनी शानदार गेंदबाजी से ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का खिताब जीता था।
शुरुआती मैच नहीं खेलने पर सोशल मीडिया पर स्टार्क की आलोचना भी हुई थी, जिस पर उन्होंने अपनी स्थिति स्पष्ट की थी। अक्षर पटेल की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स फिलहाल ६ मैचों में ३ जीत के साथ अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। स्टार्क जैसा अनुभवी गेंदबाज टीम की गेंदबाजी की कमजोरियों को दूर करने और प्लेऑफ की राह आसान करने में अहम भूमिका निभा सकता है। दिल्ली ने उन्हें नीलामी में ११.७५ करोड़ की मोटी रकम पर खरीदा था।








