नई दिल्ली: राजस्थान रॉयल्स के टीम मैनेजर रोमी भिंडर पर १ लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है और उन्हें आधिकारिक चेतावनी भी दी गई है। यह कार्रवाई १० अप्रैल को गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ आईपीएल २०२६ के मैच के दौरान डगआउट में मोबाइल फोन का उपयोग करने पर की गई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की भ्रष्टाचार-रोधी और सुरक्षा इकाई (एसीएसयू) ने मैच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के इस्तेमाल को लेकर भिंडर को कारण बताओ नोटिस जारी किया था और ४८ घंटे के भीतर जवाब मांगा था। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने पुष्टि की है कि एसीएसयू भिंडर की सफाई से संतुष्ट नहीं था, जिसके कारण उन पर जुर्माना लगाने के साथ-साथ आधिकारिक चेतावनी भी दी गई है।
उल्लेखनीय है कि आईपीएल की वेबसाइट पर उपलब्ध पीएमओए (खिलाड़ी और मैच अधिकारी क्षेत्र) दिशानिर्देशों के अनुसार, टीम मैनेजर ड्रेसिंग रूम में मोबाइल फोन का उपयोग कर सकते हैं लेकिन उसे डगआउट में नहीं ले जा सकते। भिंडर २००८ में लीग की शुरुआत से ही राजस्थान रॉयल्स के साथ जुड़े हुए हैं और १५ वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के स्थानीय अभिभावक के रूप में भी काम करते हैं। साल २०१६ और २०१७ में राजस्थान रॉयल्स पर लगे प्रतिबंध के दौरान भिंडर ने राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के साथ काम किया था।









