न्यू चंडीगढ़: सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब किंग्स के खिलाफ शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग २०२६ के मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने टीम को आक्रामक शुरुआत दिलाई और दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
अभिषेक और हेड की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले ६ ओवरों में १०० रन का आंकड़ा पार कर लिया। मैच में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करवाने का फैसला किया, जो गलत साबित हुआ।
पहले बल्लेबाजी करते हुए दोनों बल्लेबाजों ने टीम को तेज शुरुआत दी। उन्होंने शुरू से ही पंजाब के गेंदबाजों पर दबाव बनाया। इस दौरान अभिषेक अधिक आक्रामक रहे और उन्होंने केवल १८ गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया।
सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले ६ ओवरों में बिना कोई विकेट गंवाए १०५ रन बना लिए। यह आईपीएल इतिहास में शुरुआती ओवरों का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। आईपीएल में शुरुआती ओवरों का सबसे बड़ा स्कोर भी सनराइजर्स हैदराबाद के नाम है। टीम ने २०२४ में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बिना विकेट गंवाए १२५ रन बनाए थे, जबकि उसी वर्ष लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ १०७ रन बनाए थे।
इस बार भी टीम ने शुरुआती ओवरों में १०० से अधिक रन बनाकर अपनी ताकत दिखाई। सनराइजर्स हैदराबाद पुरुष टी२० क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार पहले ६ ओवरों में १०० से अधिक रन बनाने वाली टीम है।
अभिषेक शर्मा ने पंजाब के खिलाफ पहले ६ ओवरों में ७ छक्के लगाए। वह आईपीएल में एक पारी के शुरुआती ६ ओवरों में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों में शामिल हो गए। इससे पहले सनथ जयसूर्या ने २००८ में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ ७ छक्के लगाए थे। इसके अलावा जोस बटलर और जॉनी बेयरस्टो भी यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।









