अनंत अंबानी द्वारा मंदिरों को ₹१८ करोड़ का सहयोग

IMG-20260408-WA0060

राजराजेश्वरम पुनर्निर्माण और गुरुवायूर में हाथी कल्याण पर विशेष पहल

मुंबई: रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी ने केरल के दो प्रमुख आस्था स्थलों- राजराजेश्वरम मंदिर और गुरुवायूर मंदिर का दौरा करते हुए कुल ₹६ करोड़ (प्रत्येक को ₹३–₹३ करोड़) की सहायता की घोषणा की है। इसके अलावा, उन्होंने राजराजेश्वरम मंदिर के समग्र पुनर्निर्माण के लिए ₹१२करोड़ की अतिरिक्त प्रतिबद्धता भी जताई है।
इस सहयोग के तहत ऐतिहासिक महत्व वाले पूर्व गोपुरम (ईस्ट गोपुरम) के पुनर्स्थापन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। करीब २०० वर्षों से जर्जर अवस्था में पड़े इस ढांचे के पुनर्निर्माण से मंदिर के सांस्कृतिक और पुरातात्विक महत्व को पुनर्जीवित करने की उम्मीद है। साथ ही, पार्किंग और अन्य बुनियादी ढांचे में सुधार कर श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने की योजना भी शामिल है।
२ अप्रैल की शाम तलिपरंबा स्थित राजराजेश्वरम मंदिर पहुंचे अंबानी ने पोनुमकुडम, पट्टम, थाली, नेय्यामृतु अर्पित करते हुए अश्वमेध नमस्कार किया। इस अवसर पर उन्होंने ₹३ करोड़ का चेक भी सौंपा। मंदिर प्रशासन ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।

उसी दिन अपराह्न उन्होंने गुरुवायूर मंदिर में भगवान गुरुवायूरप्पन के दर्शन कर ₹३ करोड़ का सहयोग प्रदान किया। वहां देवस्वम अध्यक्ष ए. वी. गोपीनाथ सहित अन्य अधिकारियों ने उनका सम्मान किया।
वंतारा पहल के माध्यम से पशु संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए अंबानी ने गुरुवायूर में मंदिर से जुड़े हाथियों के कल्याण के लिए विशेष योजनाएं प्रस्तुत कीं। इनमें आधुनिक हाथी अस्पताल का निर्माण, जंजीर-मुक्त आश्रय स्थल और वैज्ञानिक व मानवीय देखभाल सुनिश्चित करने के लिए बुनियादी ढांचे का विकास शामिल है।
अंबानी ने कहा, “आध्यात्मिक परंपराएं केवल पूजा स्थल नहीं हैं, बल्कि ये आस्था, समुदाय और प्रकृति के साथ हमारे संबंध को मजबूत करने वाली जीवित संस्थाएं हैं। इस धरोहर का संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।”
उनकी ये पहलें मंदिर अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण, ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण, श्रद्धालुओं के अनुभव में सुधार और पशु कल्याण के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।

About Author

Advertisement