नई दिल्ली: कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर महिला आरक्षण को चुनावी मुद्दा बनाने का आरोप लगाया है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर ३० महीने बाद जागे हैं और अपने पहले के रुख से पलटी मार ली है।
रमेश ने आरोप लगाया कि सरकार महिला आरक्षण को चुनावी हथियार बनाकर मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने असम की एक सभा में घोषणा की थी कि महिलाओं के लिए ३३ प्रतिशत आरक्षण २०२९ के आम चुनाव से लागू किया जाएगा और इस पर चर्चा के लिए १६ अप्रैल को संसद का विशेष सत्र बुलाया जाएगा।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए जयराम रमेश ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम २०२३ पहले ही संसद से पारित हो चुका है, और कांग्रेस चाहती थी कि इसे २०२४ के चुनाव से लागू किया जाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने परिसीमन और जनगणना की शर्त जोड़कर इसे टाल दिया। अब आर्थिक मुद्दों से ध्यान हटाने और चुनाव को प्रभावित करने के लिए इसे फिर उठाया जा रहा है।









