गुवाहाटी: असदुद्दीन ओवैसी ने शुक्रवार को असम के बराक घाटी में ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के समर्थन में चुनावी प्रचार तेज करते हुए ‘मियां’ समुदाय से एकजुट होकर भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से बाहर करने का आह्वान किया।
चुनावी सभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने “मियां जिंदाबाद” के नारे लगाए और कहा कि इस बार समुदाय को एकजुट होकर एआईयूडीएफ के पक्ष में मतदान करना चाहिए, ताकि भाजपा को हराया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि ‘मियां’ समुदाय की पहचान और अस्तित्व हमेशा कायम रहेगा।
सांसद ओवैसी ने भाजपा सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘उच्छेद अभियान’ की आलोचना करते हुए लोगों से ९ अप्रैल को मतदान के जरिए इसका जवाब देने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है।
कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी गरीब ‘मियां’ परिवारों के उच्छेद के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठा सकी है। उनका दावा है कि कांग्रेस को वोट देने से समुदाय को कोई लाभ नहीं होगा।
ओवैसी ने यह भी कहा कि असम में ‘मियां’ समुदाय की सुरक्षा, अधिकार और सम्मान के लिए केवल एआईयूडीएफ ही संघर्ष कर रही है और उन्होंने लोगों से इस पार्टी का समर्थन करने की अपील की।











