दुबई: पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ते हुए ईरान ने शुक्रवार को कई ठिकानों पर मिसाइल हमला किया। कुवैत के विलवणीकरण संयंत्र और तेल रिफाइनरी में आग लग गई। इस बीच, अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर हवाई हमला किया।
अमेरिका और इजराइल का कहना था कि ईरान की सैन्य क्षमता लगभग नष्ट हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद तेहरान ने दबाव बनाए रखा। होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान का नियंत्रण और ऊर्जा ढांचे पर हमला होने से तेल की कीमतों में उछाल और बाजार में अस्थिरता आई।
पूर्व ईरानी विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद जरीफ ने कहा, “दीर्घकालीन युद्ध से जीवन और संसाधनों का नुकसान होगा। ईरान को अपने परमाणु कार्यक्रम पर सीमाएं लगाकर जलडमरूमध्य खोलना चाहिए और इसके बदले में उस पर लगे प्रतिबंध हटाने चाहिए।”
कुवैत के मीना अल-अहमदी तेल रिफाइनरी में आग पर काबू पाया जा रहा है, और अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा, “अगले दो-तीन हफ्ते अमेरिका ईरान पर कड़ा प्रहार जारी रखेगा।”










