कोलकाता: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी के भवानीपुर से नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया को बृहस्पतिवार को एक ‘हाई-वोल्टेज’ राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन में बदल दिया और दावा किया कि पश्चिम बंगाल में परिवर्तन का ‘‘शॉर्टकट’’ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को उनकी अपनी सीट पर हराना है।
शाह ने कहा कि सामान्यत: भाजपा को बहुमत की सरकार बनाने के लिए १७० सीट जीतनी होंगी, लेकिन केवल भवानीपुर में अधिकारी की जीत से ही राज्य की राजनीति में अपने आप परिवर्तन आ जाएगा।
दक्षिण कोलकाता के हाजरा क्रॉसिंग से रोड शो शुरू करने से पहले एक रैली में शाह ने भवानीपुर के मुकाबले को केवल एक विधानसभा सीट की लड़ाई नहीं, बल्कि २०२६ पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस सरकार को सत्ता से हटाने के अभियान का प्रतीकात्मक केंद्र बताया।
शाह ने उपस्थित लोगों से कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल में परिवर्तन होगा, लेकिन भवानीपुर में परिवर्तन होना चाहिए या नहीं?’’ उन्होंने भवानीपुर के लोगों से हाथ जोड़कर अपील की कि पूरे राज्य की मुक्ति के लिए हमारे उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी को भारी अंतर से जीत दिलाएं।
शुभेंदु अधिकारी को भवानीपुर के लिए मनाया
शाह ने कहा, ‘‘शुभेंदु दा नंदीग्राम से चुनाव लड़ना चाहते थे। मैंने उनसे कहा कि सिर्फ नंदीग्राम नहीं, आपको ममता बनर्जी के गढ़ में जाकर उन्हें वहीं हराना है।’’
२०२१ में सत्ता में लौटने के बावजूद बनर्जी नंदीग्राम में अधिकारी से हार गई थीं। अधिकारी दिसंबर २०२० में भाजपा में शामिल हुए थे। शाह ने कहा, ‘‘उन्होंने बंगाल में सरकार बनाई, लेकिन नंदीग्राम में हार गईं। इस बार भवानीपुर में भी हारेंगी।’’
भवानीपुर एक दशक से अधिक समय से बनर्जी का राजनीतिक गढ़ रहा है। उन्होंने पहली बार २०११ में इस सीट से चुनाव लड़ा और वाम मोर्चे को हराकर मुख्यमंत्री बनीं।
नंदीग्राम के नाटकीय घटनाक्रम को दोहराने की कोशिश
भाजपा भवानीपुर में बनर्जी के खिलाफ अधिकारी को उतारकर नंदीग्राम की नाटकीय घटना दोहराने और इस मुकाबले को बंगाल के दो प्रमुख राजनीतिक चेहरों के बीच प्रतिष्ठा की सीधी लड़ाई बनाने की कोशिश कर रही है। रोड शो के दौरान शाह और अधिकारी प्रचार वाहन पर साथ खड़े थे और समर्थकों ने ‘‘परिवर्तन’’ के नारे लगाए।
शाह ने कहा, ‘‘हम एक-एक सीट जीतेंगे और १७० तक पहुंचेंगे, तभी परिवर्तन होगा। लेकिन मेरे पास एक ‘शॉर्टकट’ है। भवानीपुर के लोग हमें सिर्फ यह सीट जिताएं, परिवर्तन अपने आप होगा।’’
घुसपैठ और सीमा सुरक्षा पर बोले
शाह ने अवैध आव्रजन और सीमा सुरक्षा भाजपा के प्रमुख चुनावी मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल को परिवर्तन की जरूरत है। मोदी के नेतृत्व में यहां भाजपा की सरकार बननी चाहिए। बंगाल की सीमाएं सील हों और घुसपैठियों को बाहर किया जाए।’’
भाजपा बांग्लादेश से कथित घुसपैठ और सीमावर्ती जिलों में जनसांख्यिकीय बदलाव को अपने मुख्य चुनावी विमर्श के रूप में पेश कर रही है। शाह ने चुनाव प्रचार के दौरान १५ दिन पश्चिम बंगाल में रहने की भी घोषणा की।
रोड शो कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हाजरा क्रॉसिंग से शुरू होकर भवानीपुर के बीचोंबीच से होकर आगे बढ़ा, जहां अधिकारी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान शाह भी उनके साथ मौजूद थे।









