नई दिल्ली: वायदा कारोबार में चांदी की कीमत बृहस्पतिवार को १४,३०१ रुपये टूटकर २,२९,२०० रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई तेज करने की चेतावनी देने के बाद भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने से डॉलर मजबूत हुआ और कीमती धातुओं पर दबाव पड़ा।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर चार सत्र से जारी तेजी का सिलसिला टूट गया और चांदी की कीमत ५.८७ प्रतिशत गिरकर २,२०,२०० रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। इंडसइंड सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक जिगर त्रिवेदी ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पश्चिम एशिया में संघर्ष के खत्म होने को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी न देने और ईरान पर अपने रणनीतिक लक्ष्यों के लगभग हासिल होने की बात कहने से बृहस्पतिवार को चांदी की कीमतों में भारी गिरावट आई।
अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में, मई आपूर्ति वाले चांदी के अनुबंध का वायदा भाव ६.४५ प्रतिशत की गिरावट के साथ ७१.१६ डॉलर प्रति औंस रह गया। निवेशक भू-राजनीतिक जोखिमों का पुनर्मूल्यांकन कर रहे हैं और संघर्ष के इर्द-गिर्द बदलती बयानबाजी के प्रति बाजार अत्यधिक संवेदनशील बना हुआ है।










