नई दिल्ली: आईपीएल २०२६ की शुरुआत 28 मार्च से होगी। गुजरात टाइटन्स के लिए पिछले सीजन में बी. साई सुदर्शन ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती थी। इस बार नए सीजन में वह ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज मैथ्यू हेडन से टेस्ट क्रिकेट की बल्लेबाजी सीखना चाहते हैं।
सुदर्शन ने अपनी सफलता का श्रेय टीम की संस्कृति को दिया। उन्होंने कहा, “मैंने एक नई पहचान बनाई है और अब उस जिम्मेदारी को निभाना होगा। मैंने पिछले सीजन से यही सीखा है। टीम को जिताने के लिए हमें अपना सर्वश्रेष्ठ देना होगा। अभी बहुत काम बाकी है और इस साल भी मैं अच्छी तरह से अपना काम करना चाहता हूं।”
गुजरात के लिए ओपनिंग करते हुए उन्होंने और शुभमन गिल ने मैच को अंत तक ले जाने और जीत दिलाने की कोशिश की। सुदर्शन के अनुसार सबसे बड़ा मोड़ दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में आया, जहां दोनों ने बिना विकेट गंवाए मैच खत्म किया। उन्होंने कहा, “उस मैच के बाद आत्मविश्वास आया। मेरे हिसाब से वही टर्निंग पॉइंट था।”
कप्तान शुभमन गिल के साथ बल्लेबाजी के अनुभव पर सुदर्शन ने कहा, “मैंने शुभमन से बहुत कुछ सीखा है। चार साल में हमने साथ में कई साझेदारियां की हैं। अलग-अलग परिस्थितियों में अच्छा कैसे खेला जाए, इस पर हमारी काफी बातचीत हुई है।”
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मैथ्यू हेडन को आईपीएल २०२६ के लिए गुजरात टाइटन्स का बल्लेबाजी कोच बनाया गया है। इस पर सुदर्शन ने कहा, “हमारी ज्यादा बातचीत नहीं हुई है, लेकिन जितनी भी हुई वह काफी दिलचस्प रही। मैं उनके अनुभव का फायदा उठाना चाहता हूं। वह ऑस्ट्रेलिया के महान खिलाड़ियों में से एक हैं और मैं टेस्ट मैचों के लिए उनसे सलाह लेना चाहूंगा।”









