कोलकाता: फुटबॉलर अरिंदम भट्टाचार्य ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। वह २००६ से प्रथम श्रेणी के फुटबॉलर हैं और भारत का राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। भाजपा की राज्य महासचिव ने उन्हें पार्टी का ध्वज देकर स्वागत किया।
राज्य भाजपा के सॉल्टलेक कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने कहा कि मध्य पूर्व के तनावपूर्ण माहौल के बीच देश में गैस और ईंधन को लेकर कुछ वास्तविकताओं और कुछ दुष्प्रचार के जरिए लोगों को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा था। ऐसे समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में १० रुपये की कमी की है। विमानन क्षेत्र में भी शुल्क कम किया गया है।
उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया मंदी की मार झेल रही है, तब भारत में विकास और सकारात्मकता का माहौल बना हुआ है। हम प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।
इस दौरान उन्होंने हिंसा के मुद्दे पर तृणमूल कांग्रेस पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि तृणमूल अपनी पुरानी प्रवृत्ति पर कायम है। शिक्षक और भाजपा कार्यकर्ता हमलों का शिकार हो रहे हैं और हिंसा जारी है।
उन्होंने आगे कहा कि हम चुनाव आयोग से अपेक्षा करते हैं कि वह भयमुक्त और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करेगा। पश्चिम बंगाल में बदलाव की चाह रखने वाले सभी वर्गों के लोग, यहां तक कि तृणमूल के जमीनी कार्यकर्ता भी हमसे संपर्क कर रहे हैं और वास्तविक परिवर्तन के लिए भाजपा से जुड़ रहे हैं।









