जर्मनी, अर्जेंटीना, नीदरलैंड और स्पेन की टीमों ने हासिल की जीत

photocollage_2026328133415691

नई दिल्ली: वर्तमान वर्ल्ड चैंपियन अर्जेंटीना के साथ-साथ जर्मनी, नीदरलैंड और स्पेन ने अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैचों में जीत दर्ज की। इस बीच इंग्लैंड ड्रॉ में फंस गया।
अर्जेंटीना ने शनिवार को खेले गए मैच में मॉरिटानिया को २-१ से हराया। अपने होम ग्राउंड में अर्जेंटीना ने पहले हाफ में दो गोल करके बढ़त बनाई। स्टार फॉरवर्ड लियोनेल मेस्सी दूसरे हाफ में मैदान में उतरे, लेकिन खास प्रभाव नहीं डाल सके। अर्जेंटीना की ओर से एंजो फर्नांडीज ने १७वें और निको पाज़ ने ३२वें मिनट में गोल किए। मॉरिटानिया की ओर से जॉर्डन लेफर्ट ने अंतिम क्षण में १ गोल कर मुकाबला २-१ रखा।
जर्मनी ने रोमांचक मुकाबले में स्विट्जरलैंड को ४-३ से हराया। विजेता टीम की ओर से फ्लोरियन विर्ट्ज ने ६१वें और ८५वें मिनट में दो गोल किए। इसके अलावा जोनाथन ताह और सर्ज़ ग्नाबरी ने एक-एक गोल किया। स्विट्जरलैंड की ओर से डान एंडोये (१७वें), ब्रील एम्बोलो (४१वें) और जोएल मोंटेरीओ (७९वें) ने गोल किए।
स्पेन ने सर्बिया के खिलाफ ३-० से एकतरफा जीत हासिल की। ७३ प्रतिशत पोजेशन के साथ खेलने वाली विजेता टीम की ओर से मिकेल ओयारजाबाल ने १६वें और ४४वें मिनट में दो गोल किए। तीसरा गोल विक्टर मुनोज ने ७२वें मिनट में किया।
इंग्लैंड और उरुग्वे के बीच रोमांचक मुकाबला १-१ से ड्रॉ रहा। मैच के दोनों गोल हाफटाइम के बाद हुए। बेन व्हाइट ने ८१वें मिनट में गोल करके इंग्लैंड को जीत के करीब पहुंचाया, लेकिन उरुग्वे ने अंतिम मिनट में पेनल्टी से फेडेरिको वलवर्दे के गोल के जरिए मैच ड्रॉ करा दिया।
नीदरलैंड ने भी नॉर्वे के खिलाफ २-१ से रोमांचक जीत दर्ज की। शुरुआती मिनटों में गोल खाने के बावजूद नीदरलैंड ने शानदार वापसी की। विजेता टीम की ओर से वर्जिल वान डाइक ने ३५वें और टिज़ानी रेंडर्स ने ५१वें मिनट में गोल किए। नॉर्वे की ओर से एंड्रियस शेल्डेरुप ने २४वें मिनट में गोल किया।
पैराग्वे ने ग्रीस के खिलाफ १-० से जीत हासिल की। विजेता टीम का एकमात्र गोल डिएगो गोमेज ने ५२वें मिनट में किया।
अल्जीरिया ने ग्वाटेमाला को ७-० से हराया। मोरक्को और इक्वाडोर का मैच १-१ से ड्रॉ रहा, जबकि गुयाना ने डोमिनिका को २-० से पराजित किया।

About Author

Advertisement