३१ मार्च नालंदा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि होंगी राष्ट्रपति

mxh2qauzf5jah5svsfua

नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ३१ मार्च को बिहार के राजगीर में नालंदा विश्वविद्यालय के द्वितीय दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने शुक्रवार को इसकी आधिकारिक जानकारी दी।
यह समारोह विश्वविद्यालय के लिए ऐतिहासिक होगा, क्योंकि यह नव-निर्मित स्थायी परिसर में आयोजित होने वाला पहला दीक्षांत समारोह है। इस परिसर का उद्घाटन जून २०२४ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया गया था। पुनरुद्धार के बाद यह विश्वविद्यालय का दूसरा दीक्षांत समारोह है; पहला समारोह वर्ष २०१६ में आयोजित हुआ था।
राष्ट्रपति समारोह में दीक्षांत भाषण देंगी, विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान करेंगी और मेधावी छात्रों को स्वर्ण पदक से सम्मानित करेंगी। साथ ही वह विश्वविद्यालय के २,००० सीटों वाले नवनिर्मित सभागार ‘विश्वमित्रालय’ का उद्घाटन भी करेंगी।
स्नातकोत्तर और डॉक्टरेट पाठ्यक्रमों के सभी विद्यार्थी व्यक्तिगत रूप से डिग्री प्राप्त करने के लिए आमंत्रित हैं। ये विद्यार्थी अर्जेंटीना, वियतनाम, भूटान, इंडोनेशिया, केन्या, लाओस, म्यांमार, सर्बिया, घाना, थाईलैंड, नेपाल, बांग्लादेश और जिम्बाब्वे जैसे देशों का प्रतिनिधित्व करेंगे। समारोह में १० पीएचडी उपाधियां और ३६ स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय की छात्रों द्वारा तैयार की गई विशेष पत्रिका ‘मंजिरी’ का विमोचन किया जाएगा, जिसमें पहले बैच से अब तक के पूर्व छात्रों की उपलब्धियों और अनुभवों का संकलन है।
दोपहर में दक्षिण-पूर्व एशियाई अध्ययन केंद्र का औपचारिक शुभारंभ भी किया जाएगा। इस केंद्र की घोषणा प्रधानमंत्री मोदी ने २२वें आसियान–भारत शिखर सम्मेलन के दौरान की थी।
समारोह में देश-विदेश से आए छात्र, उनके परिजन और कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे। प्रमुख अतिथियों में बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विदेश मंत्री एस. जयशंकर तथा विदेश मंत्रालय के सचिव (पूर्व) पेरियासामी कुमारन शामिल रहेंगे।

About Author

Advertisement