मुंबई: ‘द बंगाल फाइल्स’ के बाद एक बार फिर निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री एक ज्वलंत सच्चाई को बड़े परदे पर प्रस्तुत करने जा रहे हैं। इस बार उनकी नई फिल्म का विषय है- ‘ऑपरेशन सिन्दूर’।
यह फिल्म वर्ष २०२५ के अप्रैल में पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत की जवाबी सैन्य कार्रवाई की रोमांचक कहानी पर आधारित होगी। हाल ही में एक साक्षात्कार में निर्देशक ने स्वयं इस परियोजना की पुष्टि की है।
फिल्म सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल के.जे.एस. ‘टाइनी’ ढिल्लों द्वारा लिखित पुस्तक ‘ऑपरेशन सिन्दूर: भारत के सीमापार गहरे प्रहारों की अनकही कहानी’ पर आधारित है।
एक विशेष बातचीत में विवेक अग्निहोत्री ने कहा, “मैं हमेशा ऐसी कहानियाँ बताना चाहता हूँ जिन्हें सामने लाना अत्यंत आवश्यक होता है। हमारे सशस्त्र बलों के साहस, पेशेवर क्षमता और रणनीति के इस अद्भुत अध्याय को मैं पूरी ईमानदारी के साथ दर्शकों के सामने प्रस्तुत करना चाहता हूँ।
इस बड़े प्रकल्प का निर्माण भूषण कुमार और विवेक अग्निहोत्री संयुक्त रूप से कर रहे हैं। फिल्म का मुख्य केंद्र वर्ष २०२५ में ६ से १० मई के बीच चले उस महत्वपूर्ण सैन्य अभियान पर रहेगा। निर्देशक के अनुसार, आम जनता जितना जानती है, वास्तविक स्थिति उससे कहीं अधिक जटिल थी। इसके लिए गहन अध्ययन किया जा रहा है और रक्षा मंत्रालय की विभिन्न शाखाओं से भी संपर्क रखा जा रहा है।
निर्माता भूषण कुमार ने कहा, “कुछ कहानियाँ स्वयं निर्देशक को चुनती हैं, ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ भी वैसी ही एक कहानी है। देश के इतिहास के ऐसे महत्वपूर्ण मोड़ों को दर्ज करना हमारा कर्तव्य है।
उल्लेखनीय है कि २२ अप्रैल २०२५ को शांत पहलगाम एक भीषण आतंकी हमले से दहल उठा था। पर्यटकों से उनकी धार्मिक पहचान पूछने के बाद २६ निर्दोष भारतीयों की निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस हमले का जवाब देने के लिए भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ चलाया, जिसके तहत सीमा पार दुश्मन के ठिकानों पर सटीक प्रहार किए गए।
विवेक अग्निहोत्री इससे पहले ‘द ताशकंद फाइल्स’ और ‘द बंगाल फाइल्स’ जैसी फिल्मों के माध्यम से चर्चित और संवेदनशील घटनाओं को परदे पर ला चुके हैं। ऐसे में उनकी इस नई फिल्म को लेकर भी दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ रही है। हालांकि, फिल्म के कलाकारों और रिलीज की तारीख को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।









