वॉशिंगटनः ईरान के खिलाफ जारी युद्ध में अमेरिकी बल अब तक १०,००० से अधिक लक्ष्यों पर हमला कर चुके हैं। यह दावा अमेरिकी सेना के ‘सेंट्रल कमांड’ प्रमुख ब्रैड कूपर ने किया। ‘सेंट्रल कमांड’ की ओर से बृहस्पतिवार तड़के जारी एक वीडियो में एडमिरल कूपर ने बताया कि अगर अमेरिकी उपलब्धियों को इजराइली सहयोगियों की सफलता के साथ देखा जाए तो हजारों और लक्ष्यों पर हमले किए गए हैं।
कूपर ने कहा कि अमेरिका के सटीक हमलों ने ईरानी हवाई रक्षा प्रणाली को ध्वस्त कर दिया है और लड़ाकू उड़ानें प्रभावी रही हैं। उन्होंने दावा किया कि ईरानी नौसेना के सबसे बड़े पोतों में से ९२ प्रतिशत नष्ट कर दिए गए हैं। उनके अनुसार, अब ईरान इस क्षेत्र और दुनिया भर में नौसैनिक शक्ति का प्रभाव सार्थक रूप से प्रदर्शित करने में असमर्थ है।
हालांकि, ईरान अब भी ड्रोन और मिसाइल हमलों के जरिए फारस की खाड़ी के होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपना नियंत्रण बनाए हुए है। कूपर ने बताया कि अमेरिका ने ईरान के दो-तिहाई से अधिक आयुध संयंत्रों और मिसाइल, ड्रोन, नौसैनिक उत्पादन केंद्रों तथा पोत निर्माण स्थलों को क्षतिग्रस्त या नष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरान के व्यापक सैन्य विनिर्माण तंत्र को पूरी तरह नष्ट करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।










