गंगटोक: उत्तरी सिक्किम में भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन होने से चुंगथांग क्षेत्र में लगभग २०० पर्यटक फंस गए हैं।
मंगन के जिलाधिकारी अनंत जैन के अनुसार, मंगलवार रात चुंगथांग-लाचेन मार्ग पर भूस्खलन होने से लाचेन जा रहे पर्यटक बीच रास्ते में ही रुक गए। इन यात्रियों को रातभर भारत तिब्बत सीमा पुलिस के शिविर और एक गुरुद्वारे में सुरक्षित ठहराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि सीमा सड़क संगठन सड़क साफ करने में जुटा हुआ है। मौसम और मार्ग की स्थिति का आकलन करने के बाद ही आगे यात्रा की अनुमति दी जाएगी।
इस बीच, कुछ पर्यटक अपनी यात्रा रद्द कर गंगटोक लौट गए हैं। वहीं, लाचुंग मार्ग को साफ कर वहां फंसे पर्यटकों को बुधवार सुबह सुरक्षित वापस भेज दिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते स्थिति पर नजर रखी जा रही है। उल्लेखनीय है कि वर्ष २०२३ में हिमनद झील फटने से आई बाढ़ में लाचेन मार्ग को भारी नुकसान पहुंचा था, जिसे हाल ही में मरम्मत के बाद फिर से खोला गया था।
इसके अलावा, भारी बर्फबारी के कारण त्सोमगो झील और नाथुला पास भी फिलहाल पर्यटकों के लिए बंद हैं।









