फ्लोरिडा: यानिक सिनर ने मियामी ओपन में शानदार प्रदर्शन करते हुए टेनिस जगत में नया इतिहास रच दिया है। तीसरे राउंड के मुकाबले में उन्होंने कोरेन्तिन माउटेट को ६-१, ६-४ से हराकर एटीपी मास्टर्स १००० स्तर पर लगातार २६ सेट जीतने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
इसके साथ ही उन्होंने सर्बिया के दिग्गज नोवाक जोकोविच का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने लगातार २४ सेट जीते थे। सिनर ने दूसरे राउंड में ही जोकोविच के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली थी और तीसरे राउंड में पहुंचते ही नया कीर्तिमान स्थापित किया।
हार्ड रॉक स्टेडियम में खेले गए मैच में सिनर पूरी तरह हावी नजर आए। उनकी लगातार सेट जीतने की यह लय पिछले साल नवंबर में पेरिस मास्टर्स से शुरू हुई थी, जहां उन्होंने बिना कोई सेट गंवाए खिताब जीता था। इसके बाद इंडियन वेल्स (बीएनपी परिबास ओपन) में भी उन्होंने बिना सेट गंवाए चैंपियनशिप अपने नाम की।
इस जीत के साथ सिनर अब एलेक्स मिचेलसन से प्री-क्वार्टर फाइनल में भिड़ेंगे। उनके पास ‘सनशाइन डबल’ (इंडियन वेल्स और मियामी ओपन दोनों जीतना) हासिल करने का भी मौका है, जिसे आखिरी बार २०१७ में रोजर फेडरर ने पूरा किया था।
सिनर के पास इस टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन कर विश्व नंबर-१ बनने का भी मौका है, क्योंकि उनके प्रतिद्वंद्वी कार्लोस अल्कारेज तीसरे राउंड में ही हारकर बाहर हो चुके हैं।
वहीं, एक अन्य मुकाबले में फ्रांसिस्को तियाफो ने गत चैंपियन जैकब मेन्सिक को रोमांचक मैच में हराया। तियाफो ने दो मैच प्वाइंट बचाते हुए ७-६, ४-६, ७-६ से जीत हासिल की। अब वह प्री-क्वार्टर फाइनल में टेरेन्स एटमाने से भिड़ेंगे, जिन्होंने शीर्ष १० खिलाड़ी फेलिक्स ओजे-आलियासिमे को हराकर बड़ा उलटफेर किया है।










