कोलकाता: ममता बनर्जी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग के एक पत्र पर कथित रूप से भारतीय जनता पार्टी की मुहर पाए जाने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि आयोग को पर्दे के पीछे से कौन संचालित कर रहा है।
कोलकाता हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में बनर्जी ने कहा कि इस घटना ने “भेद खोल दिया है” और आयोग की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह विवाद उस समय सामने आया जब आयोग के एक दस्तावेज पर भाजपा की केरल इकाई की मुहर लगी पाई गई, जिसके बाद सोमवार को राजनीतिक विवाद तेज हो गया।
हालांकि, निर्वाचन आयोग ने इसे “लिपिकीय त्रुटि” बताया, लेकिन बनर्जी ने इस स्पष्टीकरण को खारिज करते हुए कहा कि यह “राजनीतिक साजिश” है।
उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम के बाद चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्न उठते हैं। साथ ही, उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से एकजुट होने की अपील की।
ममता बनर्जी ने कहा, “यह मायने नहीं रखता कि विपक्ष वामपंथी है या दक्षिणपंथी। सभी दलों को एकजुट होकर आयोग के माध्यम से एकदलीय शासन लागू करने की कोशिश के खिलाफ लड़ना चाहिए, लोकतंत्र की रक्षा करनी चाहिए और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना चाहिए।”








