असम: जुबीन गर्ग मृत्यु प्रकरण में तेज़ी, गुवाहाटी उच्च न्यायालय ने फास्ट-ट्रैक विशेष अदालत गठित की

zubeen-garg-1-jpg

गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने जानकारी दी है कि गुवाहाटी उच्च न्यायालय ने गायक जुबीन गर्ग की मौत से जुड़े मामले की सुनवाई में तेजी लाने के लिए एक विशेष फास्ट-ट्रैक सत्र न्यायालय का गठन किया है। इस अदालत में रोज़ाना सुनवाई की व्यवस्था की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए बताया कि बक्सा जिले की जिला एवं सत्र न्यायाधीश शर्मिला भुइयां को इस विशेष अदालत की अध्यक्षता के लिए नियुक्त किया गया है। यह अदालत मामले की नियमित और तेज़ सुनवाई सुनिश्चित करेगी।
जुबीन गर्ग (५२) की मृत्यु पिछले वर्ष १९ सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में तैरने के दौरान हो गई थी। वह वहां नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में भाग लेने गए थे। इस मामले की जांच असम पुलिस की सीआईडी के विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा की गई थी, जिसके बाद स्थानीय अदालत में सात आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया।
राज्य मंत्रिमंडल ने पिछले महीने ही इस मामले की सुनवाई में तेजी लाने के लिए फास्ट-ट्रैक अदालत के गठन की सिफारिश की थी। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि इस निर्णय से न्यायिक प्रक्रिया में तेजी आएगी और समय पर न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।

About Author

Advertisement