मैदुगुरी: उत्तर पूर्वी नाइजीरिया के बोर्नो राज्य में सोमवार रात को कम से कम तीन स्थानों पर बम विस्फोट हुए, जिसमें कई लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। आपातकालीन सेवाओं ने कहा कि इन विस्फोटों में आत्मघाती हमला होने का संदेह है। बोर्नो राज्य की राजधानी मैदुगुरी में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं, जहाँ नाइजीरिया का आतंकवादी संगठन बोको हराम सक्रिय है।
मैदुगुरी में नाइजीरिया की राष्ट्रीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी (एनईएमए) के संचालन प्रमुख सिराजो अब्दुल्लाही के अनुसार, ये विस्फोट ‘मैदुगुरी विश्वविद्यालय शिक्षण अस्पताल’ के प्रवेश द्वार और दो स्थानीय बाजार ‘पोस्ट ऑफिस’ एवं ‘मंडे मार्केट’ में हुए। अब्दुल्लाही ने कहा, “कुछ लोग घायल हुए हैं और उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। हताहतों की संख्या पूरी तरह से पता नहीं चलने तक हम सही आंकड़ा नहीं बता सकते।” अब तक किसी भी समूह ने इन विस्फोटों की जिम्मेदारी नहीं ली है।
विस्फोट स्थल पर मौजूद चश्मदीद बगोनी अल्कली ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि उन्होंने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। अल्कली ने कहा, “अब तक २०० से अधिक लोग घायल हुए हैं और अस्पतालों में उनका इलाज चल रहा है। बम विस्फोट के बाद घटनास्थल पर ही कई लोगों की मौत हुई। यह अत्यंत दुखद घटना है।”
एक स्वयंसेवी समूह के सदस्य मोहम्मद हसन, जो अक्सर सशस्त्र चरमपंथियों के खिलाफ सुरक्षा बलों की मदद करते हैं, उन्हो ने बताया कि उन्होंने पोस्ट ऑफिस और मंडे मार्केट से १० शव निकाले। बोर्नो के गवर्नर बाबागाना उमारा जुलुम ने इन विस्फोटों की कड़ी निंदा की है।










