असम: प्रधानमंत्री मोदी ने सिलचर में २३,५५० करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया

Capture-493

सिलचर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम में विधानसभा चुनावों से पहले शनिवार को सिलचर शहर में कुल २३,५५० करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की।
प्रधानमंत्री ने कछार जिले के सिलचर और मेघालय के शिलांग के बीच २२,८६४ करोड़ रुपये की नियंत्रित प्रवेश-निकास वाली एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए ‘भूमि पूजन’ किया। अधिकारियों के अनुसार, यह पूर्वोत्तर क्षेत्र में इस तरह की पहली परियोजना है।
१६६ किलोमीटर लंबे चार-लेन ग्रीनफील्ड द्रुतगति गलियारे से मेघालय और असम के बीच संपर्क सुविधाओं में सुधार होगा। इससे गुवाहाटी और सिलचर के बीच की दूरी २९५ किलोमीटर से घटकर २५२ किलोमीटर रह जाएगी और यात्रा का समय ८.५ घंटे से लगभग ५ घंटे तक कम हो जाएगा।
प्रधानमंत्री ने सिलचर में ‘कैपिटल प्वाइंट’ के पास ट्रंक रोड से ‘रंगिरखारी प्वाइंट’ तक एनएच-३०६ पर बनने वाले एलिवेटेड कॉरिडोर (चरण-१) के भूमि पूजन में भी हिस्सा लिया। अधिकारियों ने बताया कि इससे सिलचर की व्यस्त सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा, और मिजोरम, त्रिपुरा और मणिपुर जैसे पड़ोसी राज्यों से संपर्क बेहतर होगा। परियोजना बराक घाटी के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान करेगी।
इसके अलावा प्रधानमंत्री ने करीमगंज जिले के पथारकंडी में नए कृषि महाविद्यालय की आधारशिला भी रखी। ये सभी परियोजनाएं उन ४७,८०० करोड़ रुपये की परियोजनाओं का हिस्सा हैं, जिनका उद्घाटन उन्होंने राज्य में शुक्रवार से शुरू किया है।
असम में विधानसभा चुनाव अप्रैल में होने की संभावना है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने का प्रयास कर रहा है।

About Author

Advertisement