शुभमन गिल बने ‘क्रिकेटर ऑफ द ईयर’, राहुल द्रविड़ को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

IMG-20260312-WA0059

मुम्बई: भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल को वर्ष २०२५ के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के प्रतिष्ठित ‘क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ सम्मान से नवाजा जाएगा। यह पुरस्कार पाली उमरीगर ट्रॉफी के रूप में दिया जाता है।
वहीं भारत के पूर्व क्रिकेटर और कोच राहुल द्रविड़ को भारतीय क्रिकेट में उनके लंबे और उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ दिया जाएगा।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड का वार्षिक सम्मान समारोह ‘नमन’ १५ मार्च को नई दिल्ली में आयोजित होगा, जिसमें कई खिलाड़ियों और क्रिकेट जगत से जुड़ी हस्तियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
शुभमन गिल यह पुरस्कार दूसरी बार जीतने जा रहे हैं। इससे पहले उन्हें वर्ष २०२३ में भी यह सम्मान मिला था। इसके साथ ही वे सचिन तेंदुलकर और रविचंद्रन अश्विन की बराबरी कर लेंगे, जिन्होंने यह पुरस्कार दो-दो बार जीता है। इस सम्मान को सबसे अधिक पांच बार विराट कोहली ने हासिल किया है।
साल २०२५ में गिल ने टेस्ट क्रिकेट में ९८३ रन बनाए, जिसमें इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में बनाए गए 754 रन भी शामिल हैं। उन्होंने वनडे क्रिकेट में ४९० रन बनाए और पूरे साल में सात शतक तथा तीन अर्धशतक लगाए।
इस समारोह में अंडर-१९ विश्व कप विजेता टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे को घरेलू क्रिकेट में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए लाला अमरनाथ पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा मुम्बई क्रिकेट एसोसिएशन को घरेलू क्रिकेट में योगदान के लिए सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट संघ का पुरस्कार दिया जाएगा।

About Author

Advertisement