सिडनी: भारतीय महिला फुटबॉल टीम का एएफसी वूमन्स एशियन कप में सफर समाप्त हो गया है। मंगलवार को खेले गए मुकाबले में भारत को चाइनीज ताइपे के खिलाफ १-३ से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ भारत टूर्नामेंट से बाहर हो गया।
ग्रुप सी के इस मैच में जीत दर्ज कर चाइनीज ताइपे ने तीन मैचों में ६ अंक हासिल किए और दूसरे स्थान पर रहते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। वहीं भारतीय टीम अपने तीनों मैच हारकर शून्य अंक के साथ ग्रुप में अंतिम स्थान पर रही।
भारत इससे पहले वियतनाम के खिलाफ १-२ और जापान के खिलाफ ०-११ से हार चुका था।
मंगलवार को सिडनी के कॉमनवेल्थ बैंक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने ३९ प्रतिशत बॉल पोजेशन के साथ खेला। भारत की ओर से एकमात्र गोल मनीषा कल्याण ने ३९वें मिनट में किया।
वहीं चाइनीज ताइपे की ओर से सु यू-हुसान ने १२वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद ७७वें मिनट में यू-चिन चेन ने दूसरा गोल किया। चाइनीज ताइपे का एक गोल भारतीय खिलाड़ी पान्थोई चानू इलेंगबाम के आत्मघाती गोल से मिला।
ग्रुप के दूसरे मुकाबले में जापान ने वियतनाम को ४-० से हराकर ग्रुप सी में शीर्ष स्थान हासिल किया। जापान ने तीनों मैच जीतकर कुल ९ अंक अर्जित किए।









