बार्सिलोना: स्पेनिश ला लीगा फुटबॉल प्रतियोगिता में बार्सिलोना और एटलेटिको मैड्रिड ने रोमांचक जीत दर्ज की।
शनिवार रात खेले गए मैच में बार्सिलोना ने एथलेटिक क्लब को १-० से हराया। इस अवे मैच में ७३ प्रतिशत पज़ेशन के साथ खेलने के बावजूद बार्सिलोना को जीत के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा। आखिरकार लामिन यामाल ने 68वें मिनट में गोल कर टीम को जीत दिलाई।
इस जीत के साथ बार्सिलोना २७ मैचों में ६७ अंकों के साथ ला लीगा अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है। वहीं एथलेटिक क्लब ३५ अंकों के साथ नौवें स्थान पर है।
उधर एटलेटिको मैड्रिड ने रियल सोसिएदाद के खिलाफ ३-२ से जीत हासिल की। अपने घरेलू मैदान रियाद एयर मेट्रोपोलिटानो स्टेडियम में खेले गए मैच में ५६ प्रतिशत पज़ेशन रखने वाली विजेता टीम की ओर से निकोलस गोंजालेज ने ६७वें और ८१वें मिनट में दो गोल किए। इसके अलावा एक गोल अलेक्जेंडर सर्लोथ ने पांचवें मिनट में किया।
रियल सोसिएदाद की ओर से कार्लोस सोलर ने नौवें मिनट में और मिकेल ओयारजाबाल ने 68वें मिनट में गोल किया। इस जीत के साथ एटलेटिको मैड्रिड ५४ अंकों के साथ तीसरे स्थान पर बना हुआ है, जबकि रियल सोसिएदाद ३५ अंकों के साथ गोल अंतर के आधार पर आठवें स्थान पर है।
अन्य मैचों में ओसासुना और मालोर्का के बीच मुकाबला २-२ से ड्रॉ रहा, जबकि लेवांते और जिरोना का मैच १-१ की बराबरी पर समाप्त हुआ।











