४ मार्च का इतिहास: भारतीय नेवी को मिला पहला एयरक्राफ्ट कैरियर शिप आईएनएस विक्रांत

march-th-day-month-wooden-color-calendar-table-background-spring-time-empty-space-text-image-white-world-writer-86906847

नयाँ दिल्ली: ४ मार्च भारत के इतिहास में एक महत्वपूर्ण तिथि है। वर्ष १९६१ में आज ही के दिन भारतीय नौसेना को अपना पहला विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत प्राप्त हुआ था। इसे भारत का ‘बाहुबली’ भी कहा जाता है। उस समय इसे यूनाइटेड किंगडम के बेलफास्ट में कमीशन किया गया था। इसने वर्ष १९९७ तक भारतीय नौसेना में अपनी सेवाएं दीं।
भारत में शामिल होने से पहले इस पोत का नाम एचएमएस हर्क्यूलिस था। यह मैजेस्टिक क्लास का विमानवाहक पोत था, जिसका उपयोग रॉयल ब्रिटिश नेवी करती थी। इस जहाज का वजन १६ हजार टन से अधिक था। इसकी लंबाई लगभग ७०० फुट और चौड़ाई करीब १२८ फुट थी। इसकी अधिकतम गति २५ नॉट थी और यह लगभग १२,००० नॉटिकल मील तक की दूरी तय करने में सक्षम था।
इसी दिन भारतीय इतिहास में पहली बार एशियाई खेलों का आयोजन भी हुआ था। वर्ष १९५१ में ४ से ११ मार्च के बीच नई दिल्ली में इन खेलों का आयोजन किया गया था।
११ देशों के ४८९ खिलाड़ियों ने लिया था भाग~
भारत में आयोजित पहले एशियाई खेलों में ११ देशों के ४८९ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। प्रारंभ में ये खेल १९५० में आयोजित होने थे, लेकिन बाद में इन्हें एक वर्ष के लिए स्थगित कर दिया गया। इस आयोजन में कुल ५७ स्पर्धाएं आयोजित की गईं। जापान ने २४ स्वर्ण सहित कुल ६० पदक जीतकर पहला स्थान प्राप्त किया था। भारत ने १५ स्वर्ण सहित ५१ पदक जीतकर पदक तालिका में दूसरा स्थान हासिल किया था।
४ मार्च को हुईं अन्य प्रमुख घटनाएं~
१७८८: कलकत्ता गजट का प्रकाशन प्रारंभ हुआ, जिसे वर्तमान में गजट ऑफ गवर्नमेंट ऑफ वेस्ट बंगाल के नाम से जाना जाता है।
१८०१: थॉमस जेफरसन वाशिंगटन डी.सी. में शपथ लेने वाले पहले राष्ट्रपति बने।
१८५८: ब्रिटिश अधिकारी जे. पी. वॉकर लगभग २०० कैदियों को लेकर कलकत्ता से अंडमान और निकोबार के लिए रवाना हुए, जिनमें अधिकांश १८५७ के विद्रोह के आरोपी थे।
१८७९: लड़कियों को उच्च शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से कलकत्ता में बेथुन कॉलेज की स्थापना हुई, जो ब्रिटेन के बाहर पहला महिला कॉलेज था।
१९३३: फ्रैंकलिन डी. रूजवेल्ट ने अमेरिका के ३२वें राष्ट्रपति के रूप में पदभार संभाला।
१९५१: नई दिल्ली में पहले एशियाई खेलों का आयोजन हुआ।
१९६१: भारतीय नौसेना के पहले विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत ने अपनी सेवाएं शुरू कीं।
१९७५: मूक सिनेमा के महान कलाकार चार्ली चैपलिन को ८५ वर्ष की आयु में नाइट की उपाधि से सम्मानित किया गया।
१९८०: जिम्बाब्वे के राष्ट्रवादी नेता रॉबर्ट मुगाबे ने चुनाव में जीत हासिल कर देश के पहले अश्वेत प्रधानमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण किया।
२००९: राजस्थान के पोखरण में ब्रह्मोस मिसाइल के नए संस्करण का सफल परीक्षण किया गया।
२०२२: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज स्पिनर शेन वार्न का निधन हुआ।
२०२४: पाकिस्तान में शहबाज शरीफ ने दूसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली।

About Author

Advertisement