कोलकाता: यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (यूआईडीएआई) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री भुवनेश कुमार ने आज आसनसोल स्थित आधार सेवा केंद्र का निरीक्षण किया। यह केंद्र सीधे यूआईडीएआई के अधीन और ‘प्रोटियन ई-गव टेक्नोलॉजीज लिमिटेड’ के माध्यम से संचालित होता है।
केंद्र में सभी आयु वर्ग के नागरिकों के लिए आधार पंजीकरण के साथ-साथ सभी प्रकार की आधार सेवाएं उपलब्ध हैं। निरीक्षण के दौरान श्री कुमार ने केंद्र के समग्र कार्यों का अवलोकन किया और आम जनता को प्रदान की जाने वाली आधार सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने आधार पंजीकरण प्रक्रिया, बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट, व्यक्तिगत जानकारी में संशोधन और मोबाइल नंबर एवं ईमेल अपडेट की प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।
कर्मकुशलता बढ़ाने, भीड़ प्रबंधन, अवसंरचनात्मक सुविधाओं और सरकारी निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा के लिए उन्होंने अधिकारियों और ऑपरेटरों के साथ चर्चा की। इसके अलावा, सेवा की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्यान्वयन के बारे में उपस्थित नागरिकों की प्रतिक्रियाएँ भी प्राप्त कीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर पश्चिम बंगाल में आधार सेवाओं के विस्तार की घोषणा भी की गई। पहले राज्य के आठ जिलों में आठ आधार सेवा केंद्रों में ७२ पंजीकरण किट संचालित हो रही थीं। अब क्रमिक रूप से राज्य के २१ जिलों में केंद्रों की संख्या बढ़ाकर २२ की जाएगी और कुल १८१ किट के माध्यम से सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
इस पहल से आम जनता को उनके घर के नजदीक ही आधार से संबंधित सभी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध होंगी। निरीक्षण के दौरान उनके साथ यूआईडीएआई के रांची क्षेत्रीय कार्यालय के उप-महानिदेशक श्री अखिलेश कुमार गुप्ता, कोलकाता राज्य कार्यालय के निदेशक श्री शुभदीप चौधरी, रांची क्षेत्रीय कार्यालय के निदेशक श्री नीरज कुमार और प्रोटियन ई-गव टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के प्रतिनिधि श्री श्रीजीत नायर एवं श्री अपूर्व चौधरी उपस्थित थे। यूआईडीएआई की ओर से सूचना सुरक्षा, गोपनीयता और प्रक्रियाओं के सही पालन पर विशेष ध्यान दिया गया।
अधिकारियों ने नागरिकों के लिए सुरक्षित, सुलभ और जनमुखी आधार सेवा प्रदान करने का संकल्प व्यक्त किया। यह निरीक्षण पश्चिम बंगाल में आधार अवसंरचना को मजबूत करने और स्थानीय स्तर पर पारदर्शी तथा उच्च गुणवत्ता वाली सेवाओं को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।








