कोलकाता: भारत ने वेस्ट इंडीज को ५ विकेट से हराकर आईसीसी टी२० वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई। रविवार को खेले गए ग्रुप १ के इस निर्णायक मैच में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कैरेबियाई टीम को मात दी। ईडन गार्डन्स में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्ट इंडीज ने २० ओवर में ४ विकेट के नुकसान पर १९५ रन बनाए। इसके बाद भारत ने १९.२ पर १९९ रन बनाकर मैच जीतते हुए सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया।
ग्रुप १ से दक्षिण अफ्रीका ६ अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर रहा और सेमीफाइनल में पहुंचा। वहीं, भारत ४ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। भारत की इस जीत में ओपनर संजू सैमसन का अहम योगदान रहा, जिन्होंने ५० गेंदों पर नाबाद ९७ रन बनाए। उन्होंने १२ चौके और ४ छक्के लगाए। इसके अलावा तिलक वर्मा ने २७ रन का योगदान दिया। एक समय पर विकेटों का पतन जारी था, लेकिन संजू ने एक छोर को संभालते हुए भारत को जीत दिलाई। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने १८ रन और हार्दिक पांड्या ने १७ रन बनाए। वेस्ट इंडीज के गेंदबाजों में जेसन होल्डर और शमार जोसेफ ने २-२ विकेट लिए।
इससे पहले, वेस्ट इंडीज ने शानदार शुरुआत का फायदा उठाते हुए १९५ रन बनाए। वेस्ट इंडीज के लिए रोस्टन चेस ने सबसे ज्यादा ४० रन बनाए। उन्होंने २५ गेंदों पर ५ अलावा जेसन होल्डर ने नाबाद ३७, रोवमैन पॉवेल ने नाबाद ३४ और कप्तान शे होप ने ३२ रन बनाए। शिमरोन हेटमायर ने १२ गेंदों पर २ छक्के और १ चौके की मदद से २७ रन बनाए। भारतीय गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा २ विकेट लिए।
अब भारत ५ मार्च को खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड से भिड़ेगा, जबकि पहला सेमीफाइनल ४ मार्च को दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा।









