कराची: अमेरिका और इजराइल के हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान के कराची शहर में सैकड़ों प्रदर्शनकारी अमेरिकी वाणिज्य दूतावास में घुस गए और खिड़कियां तोड़ दीं। पुलिस ने उपद्रवियों को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग किया और गोली चलाने की खबरें भी आईं हैं। अपुष्ट खबरों के अनुसार १० लोगों की मौत हो गई है और ३० से अधिक लोग घायल हो गए हैं।
पुलिस अधिकारी मोहम्मद जवाद ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़प में कम से कम एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए, लेकिन कुछ मीडिया स्रोतों ने १० लोगों की मौत की खबर दी है। वाणिज्य दूतावास पर यह हमला ईजरायल और अमेरिका के हमलों में खामेनेई के मारे जाने के कुछ घंटों बाद हुआ।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में प्रदर्शनकारी वाणिज्य दूतावास के अंदर घुसकर खिड़कियों और दरवाजों पर लाठी-डंडों से हमला करते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस भी मौके पर थी। लोग अपने चेहरे पर कपड़े बांधे हुए थे।
पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार, बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों के इकट्ठा होने के बाद अधिकारियों ने कराची के एमटी खान रोड और आसपास के प्रमुख चौराहों को सील कर दिया। प्रदर्शनकारियों द्वारा पत्थर फेंकने और बैरिकेड तोड़ने की कोशिश करने के बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, लेकिन शिया समुदाय के प्रदर्शनकारी किसी तरह वाणिज्य दूतावास तक पहुंचे और वहां आगजनी और व्यापक तोड़फोड़ की। दूतावास के किसी कर्मचारी के घायल या मारे जाने की सूचना नहीं है।









