आसनसोल: आसनसोल दक्षिण विधानसभा के अंतर्गत मंडल–४ के पुरातन एगारा के बदाम बागान क्षेत्र में हनुमान मंदिर के नए शेड का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर ‘पाड़ाय–पाड़ाय दिदिभाई’ पहल को और मजबूत करते हुए घर-घर पहुंचने का कार्यक्रम चलाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के तहत आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पालले की उपस्थिति में जनप्रतिनिधियों ने प्रत्येक घर और परिवार तक पहुंचकर स्थानीय निवासियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने आम लोगों की आवश्यकताओं, प्राप्त सुविधाओं और भविष्य की अपेक्षाओं के बारे में जानकारी ली। स्थानीय समस्याओं को नजदीक से समझना ही इस दौरे का मुख्य उद्देश्य था।
विपक्षी दल के निर्वाचित जनप्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए कई प्रशासनिक और राजनीतिक बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है, ऐसा उल्लेख किया गया। इसके बावजूद प्रतिकूल परिस्थितियों में भी जनता के साथ खड़े रहने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। साथ ही, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और पहलों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने को भी प्राथमिकता बताया गया।

इधर, राज्य में रोजगार और विकास के मुद्दे पर ममता बेनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार की विफलता का आरोप लगाते हुए वैकल्पिक विकास का मार्ग प्रस्तुत करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की गई।
आने वाले दिनों में जनता का समर्थन मिलने पर उनकी अपेक्षाओं को पूरा करने में और अधिक प्रभावी भूमिका निभाने का विश्वास भी जताया गया।










