सिलीगुड़ी: मुख्यमंत्री श्रीमती ममता बेनर्जी की प्रेरणा से तथा सिलीगुड़ी नगर निगम के पहल पर ‘अमृत २.०’ परियोजना के अंतर्गत पेयजल आपूर्ति व्यवस्था के द्वितीय चरण में २४ नंबर वार्ड स्थित भारत नगर बिल्डिंग सेंटर के पास नए ओवरहेड जलाशय के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिलीगुड़ी नगर निगम के चेयरमैन गौतम देव ने बताया कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य नगर क्षेत्र के निवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और नियमित पेयजल सुविधा उपलब्ध कराना है। द्वितीय चरण के तहत निर्मित होने वाला यह जलाशय २४ नंबर वार्ड के निवासियों को प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित करेगा।
संबंधित अधिकारियों ने बताया कि नए ओवरहेड जलाशय के निर्माण पूर्ण होने के बाद जल आपूर्ति का दबाव संतुलित होगा, वितरण प्रणाली और अधिक सुदृढ़ बनेगी तथा गर्मियों के दौरान उत्पन्न होने वाली जल संकट की समस्या में काफी हद तक कमी आएगी।

चेयरमैन देव के अनुसार, ‘अमृत २.०’ परियोजना के माध्यम से शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, मूलभूत सेवाओं का विस्तार करना तथा नागरिक जीवन को अधिक सुव्यवस्थित और सुगम बनाना नगर निगम का प्रमुख लक्ष्य है। स्थानीय निवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए समय पर निर्माण कार्य पूर्ण होने की आशा व्यक्त की है।










