अररिया: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को विश्वास जताया कि पश्चिम बंगाल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जीत दर्ज करेगी और सत्ता में आने के बाद राज्य से “हर एक घुसपैठिये को बाहर किया जाएगा।” शाह ने यह बात बिहार के अररिया जिले में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। अररिया सीमांचल क्षेत्र में स्थित है और इसकी सीमा पश्चिम बंगाल से लगती है।
शाह ने कहा, “पश्चिम बंगाल में चुनाव नजदीक हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि भाजपा जीतने जा रही है। नई सरकार बनने के बाद हम हर एक घुसपैठिये को बाहर करेंगे।”
उन्होंने बताया कि घुसपैठियों को बाहर निकालने की प्रक्रिया बिहार, खासकर सीमांचल क्षेत्र से शुरू होगी। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष विधानसभा चुनाव इसी मुद्दे पर जीत हासिल की गई थी। विरोधियों द्वारा उनके एजेंडे की आलोचना किए जाने के बावजूद जनादेश भाजपा को मिला।
गृहमंत्री ने घुसपैठ को राष्ट्रीय सुरक्षा और जनसांख्यिकीय संतुलन के लिए खतरा बताया और आरोप लगाया कि घुसपैठी राशन और अन्य लाभों का दुरुपयोग करते हैं।
शाह ने कहा, “बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और असम जनसांख्यिकीय असंतुलन के प्रति सबसे संवेदनशील हैं। नरेंद्र मोदी सरकार जनसांख्यिकीय संतुलन बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।”
अपने संबोधन की शुरुआत उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और हिंदुत्व विचारक विनायक दामोदर सावरकर की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की। शाह ने कहा, “१८५७ का विद्रोह ‘भारत का प्रथम स्वतंत्रता संग्राम’ तब माना गया जब सावरकर ने इस विषय पर पुस्तक लिखकर इसे उसी रूप में स्थापित किया।”










