प्रधानमंत्री मोदी ने भारत में निवेश और युवा साझेदारी के लिए इजराइली कंपनियों को आमंत्रित किया

CREATOR: gd-jpeg v1.0 (using IJG JPEG v62), quality = 82?

यरुशलम: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इजराइल की प्रौद्योगिकी कंपनियों को भारत में निवेश करने और भारतीय युवाओं के साथ साझेदारी करने का आमंत्रण दिया है। बुधवार को उन्होंने कृत्रिम मेधा (एआई), स्वास्थ्य सेवा और कृषि जैसे क्षेत्रों में अग्रणी नवाचारों को प्रदर्शित करने वाली एक प्रदर्शनी का दौरा किया। इस अवसर पर इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू भी उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर बृहस्पतिवार को बताया कि प्रदर्शनी में प्रौद्योगिकी जगत के “विशेष नवाचारों” की झलक देखने को मिली। उन्होंने कहा, “कृत्रिम मेधा, क्वांटम, स्वास्थ्य सेवा, साइबर सुरक्षा, जल संसाधन, कृषि आदि क्षेत्रों में इजराइली युवाओं के अग्रणी कार्यों को देखा। इजराइली कंपनियों से भारत में निवेश करने और हमारे प्रतिभाशाली युवाओं के साथ काम करने का आग्रह किया।”
प्रदर्शनी में कृषि-प्रौद्योगिकी, जल-प्रौद्योगिकी, जलवायु-प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य-बायोप्रौद्योगिकी, स्मार्ट परिवहन, एआई, साइबर सुरक्षा और क्वांटम प्रौद्योगिकी में विशेषज्ञता रखने वाली अग्रणी इजराइली कंपनियों और शोध संस्थानों ने भाग लिया।
प्रधानमंत्री ने नवप्रवर्तकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदर्शित अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी भारत-इजराइल सहयोग को स्टार्टअप, नवाचार और व्यापारिक साझेदारियों में विशेष रूप से कृषि, जल प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवा और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक ले जाने की अपार क्षमता रखती है। उन्होंने इजराइली कंपनियों से भारत में निवेश, विनिर्माण और प्रौद्योगिकी साझेदारी के अवसरों का पता लगाने तथा वैश्विक चुनौतियों के समाधान संयुक्त रूप से विकसित करने के लिए भारतीय युवाओं के साथ काम करने का आग्रह किया।
प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय यात्रा पर बुधवार को इजराइल पहुंचे। यह नौ वर्ष में उनकी इजराइल की दूसरी यात्रा है।

About Author

Advertisement