वॉशिंगटन: अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भारत और अमेरिका के बीच होने वाली ट्रेड वार्ता को स्थगित कर दिया गया है। सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को ६-३ के फैसले में कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वैश्विक देशों पर टैरिफ लगाने में कानूनी शक्ति का गलत इस्तेमाल किया।
ट्रंप ने फैसले के कुछ ही घंटों बाद १०% ग्लोबल टैरिफ बढ़ाकर १५% करने की घोषणा की और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर धमकी दी कि कोई भी देश जो अमेरिका के खिलाफ ‘गेम खेलना’ चाहेगा, उसे इससे कहीं अधिक टैरिफ झेलना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि उन्हें इसके लिए कांग्रेस की मंजूरी लेने की आवश्यकता नहीं है।
भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड एग्रीमेंट की बैठक सोमवार को वॉशिंगटन में होने वाली थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद इसे टाल दिया गया। हालांकि ट्रंप ने कहा कि भारत-अमेरिका डील पर कुछ भी बदला नहीं गया है।
इस फैसले के बाद यूरोपीय यूनियन और ब्रिटेन जैसे अमेरिका के सहयोगी भी अपने ट्रेड समझौतों पर फिर से विचार कर रहे हैं।










