द हेग: अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आईसीसी) ने सोमवार को फ़िलीपींस के पूर्व राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते के खिलाफ सुनवाई की प्रक्रिया शुरू की। दुतेर्ते पर उनके कार्यकाल के दौरान मादक पदार्थ विरोधी अभियानों में मानवता के खिलाफ अपराध के तीन आरोप हैं।
८० वर्षीय दुतेर्ते इस सुनवाई के दौरान कोर्ट में उपस्थित नहीं थे। अभियोजकों ने उनकी कथित संलिप्तता साबित करने के लिए सबूत पेश करना शुरू किया, जो दक्षिणी फ़िलीपींस के दावो शहर में उनके महापौर और राष्ट्रपति कार्यकाल से जुड़े हैं।
इस सुनवाई का उद्देश्य मुकदमा नहीं, बल्कि अभियोजन पक्ष को अपने सबूत अदालत में प्रस्तुत करने का अवसर देना है। न्यायाधीशों को सबूतों की समीक्षा के बाद तय करना होगा कि आरोप स्वीकार किए जाएँ या खारिज। इसके लिए उन्हें ६० दिन का समय दिया गया है।
पूर्व राष्ट्रपति दुतेर्ते ने आरोपों को “घोर झूठ” करार दिया है। मानवाधिकार समूह और पीड़ित परिवारों ने सुनवाई का स्वागत किया है।
दुतेर्ते के समर्थकों ने फिलीपींस के मौजूदा राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के प्रशासन की आलोचना करते हुए कहा कि यह एक विवादित न्यायालय को सौंपने की कोशिश है।









