पूर्व रेल मंत्री मुकुल रॉय का लंबी बीमारी के बाद निधन

Mukul-Roy-Dies

कोलकाता: पूर्व रेल मंत्री मुकुल रॉय का रविवार देर रात हृदयाघात के कारण निधन हो गया। वह ७१ वर्ष के थे। परिवार के अनुसार, उन्होंने कोलकाता के एक निजी अस्पताल में रात लगभग डेढ़ बजे अंतिम सांस ली। बताया गया है कि वह पिछले कई दिनों से कोमा में थे।
रॉय वर्ष १९९८ में तृणमूल कांग्रेस के गठन के समय उसके संस्थापक सदस्यों में शामिल थे। बाद में पार्टी से मतभेद के चलते वह २०१७ में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे।
वर्ष २०२१ के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के टिकट पर कृष्णानगर उत्तर सीट से जीत दर्ज की थी। हालांकि, चुनाव के बाद वह पुनः तृणमूल कांग्रेस में लौट आए थे।
अपने लंबे राजनीतिक जीवन में मुकुल रॉय ने वर्ष २०११ में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार के दूसरे कार्यकाल के दौरान रेल मंत्री के रूप में कार्य किया। उस समय तृणमूल कांग्रेस केंद्र सरकार का हिस्सा थी। वह पश्चिम बंगाल से दो बार राज्यसभा के लिए भी निर्वाचित हुए थे।
उनके निधन से पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक महत्वपूर्ण अध्याय का अंत माना जा रहा है।

About Author

Advertisement