बैंकॉक: भारत ए टीम ने महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स २०२६ का खिताब जीत लिया। रविवार को खेले गए टूर्नामेंट के फाइनल में भारत ए ने बांग्लादेश ए टीम को ४६ रन से हराया।
फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ए ने तेजल हसबनीसकी के अर्धशतक की मदद से २० ओवर में ७ विकेट के नुकसान पर १३४ रन बनाए। इसके जवाब में बांग्लादेश ए १९.१ ओवर में सिर्फ 88 रन पर ऑल आउट हो गई।
महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स में यह भारत का लगातार दूसरा खिताब है। इससे पहले टीम इंडिया ने २०२३ में बांग्लादेश को हराकर ट्रॉफी जीती थी।
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ए के लिए हसबनीस ने सर्वाधिक ५१ रन बनाए। उन्होंने ३४ गेंदों में ३ चौके और २ छक्के लगाए। इसके अलावा कप्तान राधा यादव ने ३० गेंदों में ३६ रन बनाए, जिसमें ३ चौके और १ छक्का शामिल था। केवल ४४ रन पर ४ विकेट के पतन के बाद हसबनीस और राधा ने मिलकर स्कोर ११३ रन तक पहुँचाया।
बांग्लादेशी गेंदबाजों में फहिमा खातुन ने सर्वाधिक ४ विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने लगातार विकेट खोए। बांग्लादेश ए के लिए शामिमा सुल्ताना ने सर्वाधिक २० रन बनाए, जबकि सारमिन सुल्ताना ने १८ और कप्तान फहिमा खातुन ने १४ रन जोड़े। भारत ए की गेंदबाजी में प्रेमा रावत ने सर्वाधिक ३ विकेट हासिल किए।









