असम: चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका

bhupen-bora

भूपेन कुमार बोरा भाजपा में शामिल

गुवाहाटी: कांग्रेस की असम इकाई के पूर्व अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया की मौजूदगी में सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल हो गए। भाजपा की असम इकाई के मुख्यालय ‘वाजपेयी भवन’ में आयोजित समारोह में उन्होंने औपचारिक रूप से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ली। उनके साथ ही पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ता संजू बोरा भी भाजपा में शामिल हुए।
भूपेन कुमार बोरा ने १६ फरवरी को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने पार्टी के भीतर आंतरिक गुटबाजी और अपनी उपेक्षा का आरोप लगाया था। कांग्रेस आलाकमान ने उनके इस्तीफे को स्वीकार नहीं किया और वरिष्ठ नेता उनके आवास पर पहुंचे। राहुल गांधी ने भी उनसे बात की थी। इसके बावजूद बोरा ने अगले दिन मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा से मुलाकात कर घोषणा की कि वह २२ फरवरी को भाजपा में शामिल होंगे।
भूपेन कुमार बोरा कांग्रेस की असम इकाई (असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी – एपीसीसी) के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने २०२१ से २०२५ तक असम कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। वे असम के लखीमपुर जिले की बिहपुरिया विधानसभा सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं और तरुण गोगोई सरकार में संसदीय सचिव (गृह और बिजली) भी रहे हैं।
असम में मार्च-अप्रैल में १२६ सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव प्रस्तावित हैं। भूपेन बोरा का भाजपा में शामिल होना राज्य की चुनावी राजनीति में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है।

About Author

Advertisement