लॉस एंजिल्स: स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी की मौजूदगी के बावजूद इंटर मियामी ने मेजर लीग सॉकर (एमएलएस) में अपने खिताब बचाने के अभियान की शुरुआत हार के साथ की। सत्र के पहले ही मैच में उसे लॉस एंजिल्स एफसी के हाथों ०-३ से पराजय झेलनी पड़ी।
घरेलू टीम के लिए डेविड मार्टिनेज ने ३८वें मिनट में पहला गोल किया। इसके बाद डेनिस बौआंगा ने ७३वें मिनट में बढ़त दोगुनी कर दी। नाथन ओर्डाज़ ने इंजरी टाइम के चौथे मिनट में तीसरा गोल दागकर जीत सुनिश्चित की।
अवे मैच में ६९ प्रतिशत गेंद पर नियंत्रण रखने के बावजूद इंटर मियामी गोल करने में विफल रही। मैच के बाद बौआंगा ने कहा कि मेस्सी के साथ खेला गया हर मुकाबला विशेष होता है और इस जीत से टीम का मनोबल बढ़ेगा।
यह मुकाबला ऐतिहासिक लॉस एंजिल्स मेमोरियल कोलिज़ियम में खेला गया, जहाँ ७५,६७३ दर्शक मौजूद थे। दर्शकों ने घरेलू टीम की जीत का जश्न मनाने के साथ-साथ मेस्सी का खेल भी उत्साह से देखा।
उल्लेखनीय है कि इसी महीने हैमस्ट्रिंग की चोट से उबरने के बाद मेस्सी मैदान में उतरे थे, लेकिन वह टीम को हार से नहीं बचा सके।










