१० करोड़ की मांग कर रणवीर सिंह को धमकी

IMG-20260221-WA0070

मुंबई: “१० करोड़ नहीं दिए तो देख लेंगे…”, १० फरवरी को रणवीर सिंह के फोन पर धमकी भरा संदेश आने के बाद मुंबई अपराध शाखा जांच में जुट गई है। रणवीर–दीपिका के बांद्रा बैंडस्टैंड स्थित बंगले को कड़ी सुरक्षा में घेर लिया गया है। साथ ही स्टार दंपती की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। इसी बीच बड़ी खबर सामने आई है कि अभिनेता को धमकी देने वाले बिश्नोई गिरोह के सदस्य के खिलाफ मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने लुकआउट नोटिस जारी किया है।
गैंगस्टरों की गतिविधियों से मुंबई के सेलिब्रिटी इलाके में दहशत का माहौल है, मानो नब्बे के दशक की छाया लौट आई हो। पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद १३ फरवरी, वैलेंटाइन डे की पूर्व संध्या पर, रणवीर सिंह को फिर एक नया धमकी भरा संदेश मिला। रोंगटे खड़े कर देने वाली ऑडियो क्लिप में कहा गया, “ऐसा हाल करेंगे कि सात जन्म तक याद रखोगे।” इसी संदेश के आधार पर मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने जांच शुरू की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रणवीर सिंह के फोन पर आए इस ऑडियो नोट के पीछे एक कुख्यात गैंगस्टर का हाथ है, जिसका बिश्नोई गिरोह से लंबे समय से संबंध है। जांच में जिस व्यक्ति का नाम सामने आया, वह ‘हैरी बॉक्सर’ उर्फ हरि चंद बताया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि धमकी भरे संदेश में सुनी गई आवाज उसी की है। जानकारी के अनुसार, यह पहली बार नहीं है। वह विदेश में बैठकर वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क का उपयोग कर पहले भी ऐसी वारदातों को अंजाम दे चुका है।
अब उसके खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए अपराध शाखा ने लुकआउट नोटिस जारी किया है। बताया जा रहा है कि रणवीर के मैनेजर के फोन पर आए इस ऑडियो क्लिप को सत्यापन के लिए पंजाब और हरियाणा पुलिस को भेजा गया था, जिसके बाद मुंबई पुलिस के संदेह की पुष्टि हुई। ऑडियो में जिस आवाज को सुना गया, उसे हैरी बॉक्सर की आवाज बताया जा रहा है। उसके निशाने पर रणवीर सिंह के साथ-साथ निर्देशक रोहित शेट्टी भी हैं।
गत शुक्रवार एक व्यक्ति ने स्वयं को ‘हैरी बॉक्सर’ बताते हुए ऑडियो क्लिप में कहा, “समय पर लाइन में आ जाओ, नहीं तो ऐसा हाल करेंगे कि तुम्हारी आने वाली सात पीढ़ियां याद रखेंगी। रणवीर सिंह, तुम्हें लोगों को सलाह देना बहुत पसंद है और पुलिस में शिकायत भी करते हो। ठीक है, शिकायत कर दी। कोई दिक्कत नहीं। देख लेंगे। कान खोलकर सुन लो, तुम्हारे साथ काम करने वालों और तुम्हारे मैनेजर की पूरी जानकारी हमारे पास है। वे कब, कहां जाते हैं, कब घर लौटते हैं और कब परिवार के साथ समय बिताते हैं, सब पर नजर है। अब हम सीधे तुम्हें कुछ नहीं कहेंगे, बल्कि तुम्हारे कर्मचारियों को निशाना बनाएंगे। एक-एक कर सबको मार देंगे। अभी भी समय है, लाइन में आ जाओ।”
बिश्नोई गिरोह ने पहले भी कई घटनाओं की जिम्मेदारी ली है। कभी सलमान खान, कभी रोहित शेट्टी के घर पर हमले, तो कभी देश की सीमा से बाहर कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे पर गोलीबारी कर इस गिरोह ने खुलेआम जिम्मेदारी ली थी। यहां तक कि एक खुले पत्र में चेतावनी दी गई थी कि यदि व्यवसाय बंद नहीं किया गया तो मुंबई में आकर गोली चलाई जाएगी। अक्टूबर २०२४ में दशहरे के दिन महाराष्ट्र के नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद भी इस गिरोह ने धमकी भरा संदेश जारी किया था।
अब रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह के सहयोगियों को व्हाट्सऐप पर मिली धमकियों के पीछे भी इसी गिरोह के एक अन्य सदस्य की संलिप्तता की बात सामने आ रही है। मुंबई के फिल्मी इलाके में एक बार फिर भय का वातावरण बना हुआ हैा

About Author

Advertisement