मुंबई: ‘क्वीन ऑफ लैटिन म्यूज़िक’ के रूप में अपनी पहचान बना चुकीं शाकिरा न केवल गायन बल्कि नृत्य में भी समान रूप से निपुण हैं। जब वह मंच पर होती हैं, तो एक अलग ही ऊर्जा और लय वातावरण में भर जाती है। अब एक बार फिर भारत में उनके प्रशंसक उन्हें मंच पर लाइव देख सकेंगे। १९ साल बाद शाकिरा भारत में प्रस्तुति देने आ रही हैं।
साल २००५ में शाकिरा का पॉप गीत ‘हिप्स डोंट लाइ’ रिलीज़ हुआ था। रिलीज़ होते ही यह गीत बेहद लोकप्रिय हो गया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी खूब सराहा गया। इस गाने को गाने के साथ-साथ उसके वीडियो में शाकिरा को नृत्य करते हुए भी देखा गया। ‘हिप शेकिंग’ की अपनी खास शैली में उन्होंने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया था।
इस बार अप्रैल में कलाकार मुंबई और दिल्ली में प्रस्तुति देंगी। इससे पहले वह २००७ में ‘ओरल फिक्सेशन टूर’ के दौरान भारत आई थीं, लेकिन तब उन्होंने केवल मुंबई में कार्यक्रम किया था। इस बार मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स मैदान और दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में उनका कार्यक्रम आयोजित होगा। टिकट बुकिंग 1 मार्च से शुरू होगी, हालांकि टिकट की कीमतों को लेकर आयोजकों ने अभी कोई जानकारी नहीं दी है।
पिछले कुछ वर्षों में एड शीरन, दुआ लीपा, एनरिके, लिंकिंग पार्क और मैरून ५ जैसे अंतरराष्ट्रीय कलाकार और बैंड भारत में प्रस्तुति दे चुके हैं। हालांकि एशिया महाद्वीप में शाकिरा की लोकप्रियता इन कलाकारों की तुलना में कहीं अधिक मानी जाती है। ऐसे में उनके कार्यक्रम के आयोजन से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक कितनी सख्त होगी, यह समय ही बताएगा।










