नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अमेरिकी उच्चतम न्यायालय के हालिया फैसले के सन्दर्भ में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला किया।
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री व्यापार समझौते को लेकर दोबारा बातचीत नहीं कर सकते और फिर अमेरिका के सामने ‘समर्पण’ कर देंगे। उन्होंने यह टिप्पणी अमेरिकी उच्चतम न्यायालय द्वारा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कई देशों के खिलाफ लगाए गए व्यापक शुल्क वृद्धि आदेशों को रद्द करने के बाद की।
न्यायाधीशों ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि संविधान अमेरिकी कांग्रेस को कर लगाने की शक्ति प्रदान करता है, जिसमें टैरिफ भी शामिल है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर कहा, “प्रधानमंत्री समझौता कर चुके हैं। उनका विश्वासघात अब उजागर हो गया है। वह (व्यापार समझौते पर) दोबारा बातचीत नहीं कर सकते। वह फिर से समर्पण कर देंगे।”
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, राहुल गांधी का यह बयान वर्तमान आर्थिक और राजनीतिक परिदृश्य में प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों पर कड़ा प्रहार है।










