नई दिल्ली: निसान मोटर इण्डिया प्राइभेट लिमिटेड ने भारतीय बाजार में अपनी नई ७ सीटर एमपीवी ‘ऑल न्यू निसान ग्रेबाइट’ को ५.६५ लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की आकर्षक शुरुआती कीमत पर लॉन्च करने की घोषणा की है। कंपनी ने बताया कि भारत में उसकी “बोल्ड इंडिया रीसर्जेस” रणनीति के तहत यह उत्पाद विस्तार कार्यक्रम का पहला बड़ा कदम है।
भारतीय परिवारों की जरूरतों से प्रेरित:
निसान के अनुसार, आधुनिक भारतीय परिवारों की बदलती यात्रा आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर इस नए मॉडल को तैयार किया गया है। २ से ७ सीटों के लचीले विन्यास, परिवर्तनीय सीटिंग व्यवस्था और विशाल सामान रखने की क्षमता के साथ इसे अपनी श्रेणी में “सर्वश्रेष्ठ बहुउपयोगिता” प्रदान करने वाला बताया गया है।
सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता:
ऑल न्यू ग्रेबाइट में ३० से अधिक मानक सुरक्षा फीचर्स शामिल हैं। इनमें ६ एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), ट्रैक्शन कंट्रोल, हिल स्टार्ट असिस्ट और ब्रेक असिस्ट जैसी सुविधाएं शामिल हैं। कंपनी का दावा है कि सुरक्षा को इस मॉडल की प्रमुख प्राथमिकता बनाया गया है।
आकर्षक डिजाइन और विशिष्ट शैली:
निसान की सिग्नेचर डिजाइन भाषा में ग्रेबाइट को मजबूत और उद्देश्यपूर्ण रूप दिया गया है। दमदार बॉडी लाइन, आकर्षक व्हील आर्च और ऊंचा ग्राउंड क्लीयरेंस इसे भारतीय सड़कों की विविध परिस्थितियों के अनुरूप बनाता है।
पांच आकर्षक रंग विकल्प:
यह मॉडल फॉरेस्ट ग्रीन, ओनिक्स ब्लैक, ब्लेड सिल्वर, स्टॉर्म व्हाइट और मेटैलिक ग्रे, इन पांच रंगों में उपलब्ध होगा। साथ ही, सीमित संस्करण के लॉन्च मॉडल में अतिरिक्त उन्नत तकनीक और फीचर्स जोड़े जाएंगे।
चेन्नई में घरेलू उत्पादन:
कंपनी ने बताया कि इस मॉडल का उत्पादन चेन्नई स्थित उसके संयंत्र में किया जाएगा, जिससे भारत में उसके दीर्घकालिक निवेश और प्रतिबद्धता को और मजबूती मिलेगी। ग्राहकों तक पहुंच बढ़ाने के लिए निसान अपने डीलर नेटवर्क का विस्तार भी कर रही है, विशेषकर प्रथम और द्वितीय श्रेणी के शहरों में।
कंपनी की प्रतिक्रिया:
निसान और इनफिनिटी डिवीजन के डिविजनल वाइस प्रेसिडेंट एवं भारत के अध्यक्ष चियारी सबान ने कहा कि भारत, निसान की वैश्विक रणनीति का एक महत्वपूर्ण केंद्र है और यह लॉन्च देश में कंपनी के नए विकास चरण की शुरुआत करेगा।
वहीं, निसान मोटर इंडिया के प्रबंध निदेशक सौरभ वत्स ने कहा कि ग्रेबाइट भारतीय परिवारों की आकांक्षाओं और विविधता से प्रेरित है। उन्होंने इसे केवल एक उत्पाद नहीं, बल्कि भारत में दीर्घकालिक निवेश और नवाचार के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।










