गुवाहाटी: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कछार जिले से “जीवंत ग्राम कार्यक्रम” (वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम) के दूसरे चरण की शुरुआत की, जिसमें देशभर के 15 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों को शामिल किया जाएगा।
असम के कछार जिले में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उनके शासनकाल में देश की सीमाएं खुली छोड़ दी गई थीं, जिसके कारण असम में घुसपैठ बढ़ी। शाह ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में घुसपैठ की समस्या का प्रभावी समाधान किया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में असम में कोई बड़ा विकास कार्य शुरू नहीं हुआ, लेकिन अब प्रतिदिन १४ किलोमीटर सड़क का निर्माण हो रहा है, जो पूरे देश में सबसे अधिक है।
शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सीमावर्ती गांवों का विकास राष्ट्रीय प्राथमिकता है और यह कार्यक्रम इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। शाह ने बताया कि “जीवंत ग्राम कार्यक्रम” के दूसरे चरण में ६९०० करोड़ रुपये खर्च होंगे, और १९५४ गांवों को इसमें शामिल किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा, “पिछले १० वर्षों में भाजपा ने असम के विकास को सुनिश्चित किया है और अगले ५ वर्षों में राज्य को बाढ़-मुक्त बनाया जाएगा।”











