वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि वह पेंटागन और अन्य सरकारी एजेंसियों को परग्रही जीवों (एलियन्स) और ‘यूएफओ’ (अज्ञात उड़न तश्तरियां) से संबंधित फाइलों की पहचान करके उन्हें सार्वजनिक करने का निर्देश दे रहे हैं, क्योंकि इन विषयों में लोगों की ‘‘गहरी रुचि” है।
ट्रंप ने यह घोषणा एक सोशल मीडिया पोस्ट में की, जिसमें उन्होंने कहा कि वह एजेंसियों को “एलियन और बाह्य-स्थलीय जीवन, अज्ञात हवाई घटनाएं (यूएपी), अज्ञात उड़न तश्तरियां (यूएफओ) और इन अत्यंत जटिल लेकिन बेहद रोचक और महत्वपूर्ण मामलों से जुड़ी सभी सूचनाएं” जारी करने का निर्देश दे रहे हैं। हालांकि, ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से यह नहीं पता कि परग्रही जीव वास्तव में हैं या नहीं।
ट्रंप ने यह टिप्पणी पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा पर आरोप लगाने के बाद की, जिन्होंने हाल ही में एक पॉडकास्ट में परग्रही जीवों के अस्तित्व का संकेत दिया था। ट्रंप ने कहा कि गोपनीयता हटाकर वह शायद ओबामा को इस मुद्दे से बाहर निकाल सकते हैं।
ट्रंप ने कहा, “इस पर मेरी कोई राय नहीं है। मैं इस बारे में कभी बात नहीं करता। बहुत से लोग करते हैं। बहुत से लोग इस पर विश्वास करते हैं।”
हालांकि पेंटागन ने अब तक कोई ठोस प्रमाण नहीं दिए हैं, लेकिन २०१७ से यूएफओ और बाह्य-स्थलीय जीवन से जुड़े मुद्दों पर जन रुचि बढ़ी है, खासकर तब जब पेंटागन ने नौसेना के अज्ञात वस्तुओं के वीडियो सार्वजनिक किए थे।








