लंदन: ब्रिटेन में सार्वजनिक पद पर रहते हुए कथित कदाचार के संदेह में गिरफ्तार पूर्व राजकुमार एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर को रिहा कर दिया गया है। टेम्स वैली पुलिस ने बताया कि उन्हें बृहस्पतिवार शाम हिरासत से मुक्त किया गया।
गिरफ्तारी के लगभग ११ घंटे बाद उन्हें पूर्वी ब्रिटेन स्थित उनके घर के पास थाने से वाहन में निकलते देखा गया। हालांकि, उनके विरुद्ध जांच अभी जारी है।
एंड्रयू को तड़के उनके आवास से उन जांचकर्ताओं ने गिरफ्तार किया था, जो अमेरिकी वित्त कारोबारी जेफ्री एप्स्टीन से उनके संबंधों की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने उनके घर की तलाशी पूरी कर ली है, जबकि एक अन्य संपत्ति की तलाशी जारी है।
यह कदम असाधारण माना जा रहा है, क्योंकि लंबे समय तक शाही परिवार को सार्वजनिक विवादों से बचाने की परंपरा रही है। लगभग चार शताब्दियों में पहली बार किसी वरिष्ठ ब्रिटिश शाही सदस्य की गिरफ्तारी हुई है।
चार्ल्स तृतीय ने अपने भाई की गिरफ्तारी पर बयान जारी करते हुए कहा कि मामले की जांच में कानून को अपना कार्य करने दिया जाना चाहिए।
पुलिस के अनुसार, सार्वजनिक पद पर रहते हुए कदाचार के आरोपों का गहन मूल्यांकन करने के बाद औपचारिक जांच शुरू की गई है। मामले से जुड़े दस्तावेज हाल ही में अमेरिकी जांच के तहत सार्वजनिक किए गए थे।









