यूईएफए चैंपियंस लीग: इंटर मिलान पराजित, एटलेटिको मैड्रिड ड्र पर रुका

photocollage_202621913233442

नई दिल्ली: यूईएफए चैंपियंस लीग के प्लेऑफ चरण के पहले लेग मुकाबलों में कई रोमांचक परिणाम सामने आए। इंटर मिलान को हार का सामना करना पड़ा, जबकि एटलेटिको मैड्रिड ड्र पर रुक गया।
बुधवार रात खेले गए मुकाबले में बेल्जियम के क्लब ब्रुगे ने एटलेटिको मैड्रिड को ३-३ की बराबरी पर रोक दिया। इस अवे मैच में ४३ प्रतिशत पजेशन के साथ खेलने वाला स्पेनिश क्लब मध्यांतर तक २-० से आगे था, लेकिन क्लब ब्रुग ने शानदार वापसी करते हुए मैच बचा लिया।
क्लब ब्रुग की ओर से राफाएल ओन्येडिका (५१वां मिनट), निकोलो ट्रेसोल्डी (६०वां मिनट) और क्रिस्टोस जोलिस (८९वां मिनट) ने गोल किए। एटलेटिको मैड्रिड के लिए जूलियन अल्वारेज ने ८वें मिनट में और एडेमोला लुकमान ने इंजरी टाइम के चौथे मिनट में गोल दागा। एक गोल आत्मघाती (जोएल अरडोनेज, ७९वां मिनट) रहा। दोनों टीमों के बीच दूसरा लेग २४ फरवरी को खेला जाएगा।
इधर इटली के दिग्गज क्लब इंटर मिलान को नॉर्वे की टीम बोडो/ग्लिम्ट के खिलाफ १-३ से हार झेलनी पड़ी। मध्यांतर तक स्कोर १-१ से बराबर था, लेकिन दूसरे हाफ में मेजबान टीम ने दो गोल कर जीत सुनिश्चित कर ली। बोडो/ग्लिम्ट की ओर से सोंड्रे ब्रुनस्टाड (२०वां मिनट), जेन्स पीटर हॉग (६१वां मिनट) और कास्पर हॉग (६४वां मिनट) ने गोल किए। इंटर के लिए एकमात्र गोल पियो एस्पोसितो ने ३०वें मिनट में किया। इस हार के बाद इंटर पर घरेलू मैदान पर होने वाले दूसरे लेग से पहले दबाव बढ़ गया है।
इस बीच इंग्लैंड के न्यूकैसल युनाइटेड ने अजरबैजान के क़राबाग एफके को ६-१ से करारी शिकस्त दी। ४५ प्रतिशत पजेशन के बावजूद न्यूकैसल ने मध्यांतर से पहले ही ५-० की बढ़त बना ली थी। एंथनी गॉर्डन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार गोल किए (तीसरा, ३२वां, ३३वां और इंजरी टाइम का पहला मिनट)। इसके अलावा मालिक थियाउ (८वां मिनट) और जैकब मर्फी (७२वां मिनट) ने भी गोल किए। काराबाग की ओर से एल्विन काफारगुलियेव ने ५४वें मिनट में एकमात्र गोल किया।
जर्मनी के बायर लेवरकुसेन ने ग्रीस के ओलंपियाकोस एफ.सी. को २-० से हराया। इस अवे मैच में ४७ प्रतिशत पजेशन के साथ खेलने वाली लेवरकुसेन की ओर से पैट्रिक शिक ने ६०वें और ६३वें मिनट में दो गोल कर टीम को मजबूत बढ़त दिलाई।

About Author

Advertisement