नई दिल्ली: दक्षिण अफ्रीका ने आईसीसी टी२० वर्ल्ड कप में लगातार चौथी जीत दर्ज करते हुए ग्रुप चरण में अपना अभियान शानदार अंदाज़ में समाप्त किया। बुधवार को खेले गए ग्रुप डी के मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को ६ विकेट से आसानी से हरा दिया। सुपर ८ में पहले ही जगह पक्की कर चुकी दक्षिण अफ्रीकी टीम ४ मैचों में ८ अंकों के साथ ग्रुप में शीर्ष स्थान पर रही, जबकि यूएई हार के साथ टूर्नामेंट से बाहर हो गया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए यूएई ने २० ओवर में ६ विकेट के नुकसान पर १२२ रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने १३.२ ओवर में ४ विकेट खोकर १२३ रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। अब दक्षिण अफ्रीका का सामना रविवार को सुपर ८ के मुकाबले में भारत से होगा।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से डेवाल्ड ब्रेविस ने सर्वाधिक ३६ रन बनाए। उन्होंने २५ गेंदों पर ३ छक्के और एक चौका लगाया। रेयान रिकेल्टन ने १६ गेंदों में २ छक्कों और ३ चौकों की मदद से ३० रन बनाए। कप्तान एडन मार्करम ने २८ रन का योगदान दिया। ट्रिस्टन स्टब्स ६ और जेसन स्मिथ ३ रन बनाकर नाबाद रहे।
इससे पहले अरुण जेटली स्टेडियम में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए यूएई के बल्लेबाज़ दक्षिण अफ्रीकी तेज़ गेंदबाज़ कोर्बिन बॉश और एनरिच नोर्खिया की घातक गेंदबाज़ी के सामने टिक नहीं सके। यूएई ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाज़ी करते हुए अलिशान शाराफु ने सर्वाधिक ४५ रन बनाए। उन्होंने ३८ गेंदों में ५ चौके और एक छक्का लगाया। कप्तान मुहम्मद वसीम ने २२ रन का योगदान दिया, जबकि अन्य बल्लेबाज़ उल्लेखनीय प्रदर्शन नहीं कर सके।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से बॉश ने ३ और नोर्खिया ने २ विकेट हासिल किए।











